ePaper

Jharkhand: झामुमो ने 25 को बुलायी बैठक, राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन के मुद्दे पर होगा निर्णय

Updated at : 24 Jun 2022 8:35 AM (IST)
विज्ञापन
Jharkhand: झामुमो ने 25 को बुलायी बैठक, राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन के मुद्दे पर होगा निर्णय

राष्ट्रपति चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगरमी तेज है. केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद दीपक प्रकाश, सांसद समीर उरांव, सुनील सिंह, सुनील सोरेन, सुदर्शन भगत, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावक बने हैं.

विज्ञापन

Jharkhand News : राष्ट्रपति चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगरमी तेज है. केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद दीपक प्रकाश, सांसद समीर उरांव, सुनील सिंह, सुनील सोरेन, सुदर्शन भगत, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावक बने हैं. श्रीमती मुर्मू आज राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन करेंगी.

25 जून को शिबू सोरेन आवास पर होगी बैठक 

झामुमो ने 25 जून को राष्ट्रपति चुनाव को लेकर सांसद व विधायकों की बैठक बुलायी है. बैठक झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के आवास पर दिन के 11 बजे से होगी. पार्टी नेता विनोद पांडेय ने बताया कि बैठक में राष्ट्रपति चुनाव समेत वर्तमान राजनीतिक हालात पर चर्चा की जायेगी. राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष ने झारखंड से जुड़े नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को चुनाव में उतारा है. पिछले दिनों राष्ट्रपति चुनाव को लेकर दिल्ली में विपक्षी दलों की ओर से बैठक बुलायी गयी थी. इसमें झामुमो के प्रतिनिधि भी शामिल हुए थे. एनडीए के उम्मीदवार के नाम आने के बाद झामुमो बदले हालात में सांसद व विधायकों से चर्चा करेगी.

दिल्ली पहुंची द्रौपदी, केंद्रीय मंत्री मुंडा ने किया स्वागत

इधर, राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को दिल्ली पहुंचीं. केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा श्रीमती मुर्मू के स्वागत के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर मौजूद थे. श्री मुंडा ने श्रीमती मुर्मू का स्वागत किया. मौके पर भाजपा के आला नेताओं ने भी श्रीमती मुर्मू को बधाई दी.

दलगत भावना से ऊपर उठ द्रौपदी का समर्थन करे झामुमो : सुदेश महतो

आजसू नेता सुदेश महतो ने कहा है कि आदिवासी परिवार की बेटी राष्ट्र के सर्वोच्च पद पर आसीन होने जा रही है़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके लिए धन्यवाद के पात्र हैं. झामुमो दलगत भावना से उपर उठ कर द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करे़ झारखंड से द्रौपदी मुर्मू का गहरा रिश्ता रहा है. राज्यपाल के रूप में काम करते हुए उन्होंने झारखंडियों की भावना और उनके मुद्दे की परख की है. इनका चयन विशेष कर झारखंड के लिए खुशी की बात है. झामुमो को इन सारे पहलुओं को ध्यान में रखकर राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू पर विचार करना चाहिए़

दिल्ली पहुंचीं राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी, आज करेंगी नामांकन

राष्ट्रपति पद के लिए होने जा रहे चुनाव में राजग प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को दिल्ली पहुंच गयीं. शुक्रवार को वह नामांकन दाखिल करेंगी. संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास पर उनके नामांकन संबंधी दस्तावेज तैयार किये जा रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उनके प्रस्तावकों में शामिल होंगे. मुर्मू (64) के पार्टी के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल करने की उम्मीद है. राष्ट्रपति पद के लिए उनका मुकाबला विपक्ष के साझा प्रत्याशी पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा से होगा. दिल्ली पहुंचते ही मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू से मुलाकात की. मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की. उनके राष्ट्रपति पद के नामांकन को समाज के सभी वर्गों ने पूरे देश में सराहा है. जमीनी समस्याओं और भारत के विकास के लिए उनकी समझ उत्कृष्ट है. इससे पहले, जेपी नड्डा ने ओड़िशा के सीएम नवीन पटनायक से मुर्मू द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किये जाने के दौरान उपस्थित रहने का आग्रह किया. पटनायक ने अनुपलब्धता के लिए खेद जताते हुए अपने मंत्रिमंडल के दो सहयोगियों, जगन्नाथ सारका और टुकुनी साहू को मुर्मू के नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर करने और नामांकन के दौरान मौजूद रहने को कहा है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola