Live Updates

Jharkhand Breaking News LIVE: तेज रफ़्तार बस की चपेट में आने से युवक की मौत, विरोध में सड़क जाम

Updated:
विज्ञापन

Jharkhand Breaking News: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…

विज्ञापन

तेज रफ़्तार बस की चपेट में आने से युवक की मौत, विरोध में सड़क जाम

नामकुम, रांची, राजेश वर्मा: रांची के नामकुम थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगावां पानी फैक्ट्री के समीप जमशेदपुर से रांची आ रही तेज रफ्तार बस (जेएच07ई4060) ने पैदल चल रहे युवक को अपनी चपेट में ले लिया. इसमें एतवा मुंडा (35 वर्ष) पिता स्वर्गीय अजीत मुंडा की मौत हो गई. मृतक मूल रूप से राहे काटियाडी का रहने वाला था. वर्तमान में बरगावां में रहकर मजदूरी करता था. घटना से गुस्साए लोगों ने मुआवजा की मांग को लेकर रांची-जमशेदपुर सड़क जाम कर दी. सूचना पर पहुंचे अंचलाधिकारी अमित भगत एवं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम हटवाया.

झारखंड के सभी जिलों में भेजा गया अयोध्या श्रीराम मंदिर से पूजित अक्षत

रांची: विश्व हिंदू परिषद की झारखंड प्रांत कार्यकारिणी बैठक विश्व हिंदू परिषद प्रांत कार्यालय शक्ति आश्रम हरमू रोड किशोरगंज चौक रांची में संपन्न हुई. विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री डॉ बिरेन्द्र साहु बताया आगामी 4 दिसंबर से 10 दिसंबर जिला बैठक 11 दिसंबर से 17 दिसंबर प्रखंड बैठक एवं 18 दिसंबर से 24 दिसंबर तक पंचायत बैठक की जाएगी. 22 दिसंबर गीता जयंती / शौर्य दिवस के पावन अवसर पर झारखंड के सभी प्रमुख मंदिरों में श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं महाआरती का आयोजन किया जाएगा. 23 दिसंबर से 30 दिसंबर तक स्वामी श्रद्धानंद बलिदान दिवस पर धर्म रक्षा दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया. इसके तहत परावर्तन के कार्यक्रम किए जाएंगे. डॉ साहु ने कहा आज अयोध्या जी से लाये गए पूजित अक्षत को झारखंड प्रांत के सभी जिला केंद्रों में भेजा जा रहा है। इस पूजित अक्षत को जिला केंद्र से प्रखंड एवं पंचायत केंद्र तक पहुंचाया जाएगा.

पतरातू में सड़क हादसे में युवक की मौत से आक्रोश, पुलिस वाहन पर पथराव, एक सिपाही घायल

पतरातू(रामगढ़): पतरातू-रांची मार्ग पर पतरातू पीवीयूएनएल टाउनशिप के समीप शनिवार की शाम कोयला लदे एलपी ट्रक ने बाइक सवार युवक भवानी महतो (35 वर्ष) को अपनी चपेट में ले लिया और भाग निकला. घटना में कटिया गांव निवासी स्व भुवनेश्वर महतो के पुत्र भवानी की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क जाम कर दी. इससे सड़क की दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गयीं. लोग इतने आक्रोशित थे कि जाम हटाने पहुंची पुलिस पर भी पथराव कर दिया. इसमें बासल थाना के सिपाही सियाराम महतो घायल हो गए हैं. उनका इलाज पतरातू प्रखंड स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है.

हजारीबाग के इचाक में डॉक्टर नहीं रहने से मरीज की मौत

इचाक ( हजारीबाग) : सामुदायिक अस्पताल इचाक में चिकित्सक के नहीं रहने से एक मरीज की मौत हो गई. परिजनों का कहना है कि अस्पताल में डॉक्टर के नहीं रहने के कारण समय पर इलाज नहीं हो सका. घटना शनिवार शाम की है. मृतक मरीज सरयू महतो (58 वर्ष) बड़कागांव और हजारीबाग से सब्जी लाकर इचाक बाजार में बेचकर जीविका चलाता था. मृतक के पुत्र ईश्वरी प्रसाद मेहता ने बताया कि पिता की स्थिति अचानक घर में बिगड़ती देख 108 पर फोन कर एंबुलेंस को बुलाया जो देर से पहुंची. इस बीच उनकी स्थिति बिगड़ती चली गई. बीमार पिता को लेकर अस्पताल पहुंचा. वहां एंबुलेंस में एक घंटे तक इंतजार के बाद न तो स्ट्रेचर और न कोई अस्पताल कर्मी देखने पहुंचे. बाद में अस्पताल कर्मी सुधीर कुमार पहुंचा. जिसने नब्ज छूकर पिता को मृत बता दिया. प्रभारी डॉक्टर ओम प्रकाश ने कहा कि अभी विभागीय मीटिंग को लेकर धनबाद में हूं.

धनबाद में भाभी से कहासुनी पर देवर ने ट्रांसफॉर्मर पर चढ़कर दे दी जान

पूर्वी टुंडी (धनबाद): पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र की रूपन पंचायत अन्तर्गत जमडीहा गांव में एक युवक ने अपनी भाभी के साथ हुई मामूली बात को लेकर ट्रांसफॉर्मर पर चढ़कर जान दे दी. बताया जाता है कि शनिवार शाम लगभग 6 बजे जमडीहा के निरंजन तुरी (15 वर्ष) ताड़ी पीकर घर आया और अपनी भाभी रीता देवी के साथ गाली-गलौज करने लगा. अपनी भाभी को ट्रांसफॉर्मर पर चढ़कर जान दे देने की धमकी दी तो उसकी भाभी ने भी उसे सहज भाव से कहा कि जाओ दे दो जान. इतने में वह अपने घर के नजदीक ट्रांसफॉर्मर पर चढ़ गया और एक ही झटके में वह जल उठा और वहीं ढेर हो गया. घटना की सूचना पूर्वी टुंडी पुलिस को दी गयी, जिसके बाद पुलिस जमडीहा गांव पहुंची और घटना की जानकारी ली. मृतक के माता-पिता नहीं हैं. वह अपने बडे़ भाई गोवर्धन तुरी और भाभी रीता देवी के साथ ही रहता था.

सेक्सटॉर्शन के नाम पर ठगी करने के आरोप में छह गिरफ्तार

मरकच्चो, कोडरमा: पुलिस टीम ने सेक्सटॉर्शन के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इन्हें मरकच्चो थाना क्षेत्र के तेलोडीह में छापेमारी कर पकड़ा गया है.

विज्ञापन
विज्ञापन
Jaya Bharti

लेखक के बारे में

By Jaya Bharti

This is Jaya Bharti, with more than two years of experience in journalistic field. Currently working as a content writer for Prabhat Khabar Digital in Ranchi but belongs to Dhanbad. She has basic knowledge of video editing and thumbnail designing. She also does voice over and anchoring. In short Jaya can do work as a multimedia producer.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola