Jharkhand Breaking News LIVE: रांची के नामकुम में पत्थर से कूचकर युवक की हत्या, ग्रामीणों ने शव उठाने से रोका
Jharkhand Breaking News: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
पत्थर से कूचकर युवक की हत्या, ग्रामीणों ने शव उठाने से रोका
नामकुम (रांची) राजेश वर्मा: रांची के तुपुदाना थाना क्षेत्र अंतर्गत सोदाग पंचायत के बंडा गांव निवासी भईया राम मिंज की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई है. हत्या तुपुदाना अमरेश्वर धाम जाने वाली सड़क पर घर से आधा किलोमीटर दूर कुसुमटोली में की गयी है. ग्रामीणों ने हत्या में प्रयुक्त दो बड़े पत्थर घटनास्थल के समीप झाड़ी से बरामद किया है. घटना से गुस्साये ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने नहीं दिया है. ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, परंतु साढ़े दस बजे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी. ग्रामीण वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने पर अड़े थे. भईया राम खेती एवं मजदूरी करते थे. इसके अलावा भाजपा खिजरी मंडल के सक्रिय कार्यकर्ता भी थे. उनके दो बेटा एवं तीन बेटियां हैं.
रामगढ़ के कुजू में कोयला व्यवसायी कल्याण पांडेय के ऑफिस पर फायरिंग, बाल-बाल बचे
कुजू, रामगढ़: कोयलांचल क्षेत्र के कुजू कोयला मंडी ट्रांसपोर्ट नगर में शुक्रवार की शाम अपराधियों ने गोलियां चलाकर सनसनी फैला दी. इसके कारण कोयला व्यवसायियों में दहशत का माहौल है. इधर, घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कुजू ओपी प्रभारी विनय कुमार ने घटना स्थल से तीन खोखा बरामद किया. बताया जाता है कि कोयला व्यवसायी कल्याण पांडेय के कार्यालय में बाइक सवार दो अपराधियों ने लगातार तीन फायरिंग कर दी. एक गोली कार्यालय के बाहर दीवार में जा लगी, जबकि दो इधर-उधर निकल गयी. कोयला व्यवसायी कल्याण पांडेय ने बताया कि पूर्व में अनजान नंबर से कई बार धमकी भरा फोन आ चुका था. आज शाम को कोयला का ई-ऑक्शन को लेकर अपने कार्यालय में अपने पार्टनर राजेश्वर प्रसाद के साथ बैठे हुए थे. इसी क्रम में सड़क के पास पूर्व से खड़े ट्रक के पीछे से अचानक फायरिंग हुई. इससे हम दोनों बचने के लिए अपने अंदर वाले कार्यालय में चले गए.
चतरा में दिनदहाड़े छात्रा के अपहरण करने का प्रयास, विरोध करने पर किया घायल
चतरा, तसलीम: चतरा कॉलेज से पढ़ाई कर घर वापस लौट रही छात्रा का दिनदहाड़े अपहरण करने का प्रयास किया गया. युवकों ने छात्रा को खींचकर जबरन इंडिका कार में बैठाने का प्रयास किया. इसका विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गयी. इस संबंध में पीड़िता ने सदर थाना में आवेदन देकर कुंदा थाना क्षेत्र के कोयली डोढ़ा निवासी सुरेंद्र गंझु (पिता सरोज गंझु) व दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मारपीट व अपहरण करने का प्रयास का मामला दर्ज कराया है. पीड़िता चतरा कॉलेज में बीए की छात्रा है. बताया जा रहा है कि वह कॉलेज में पढ़ाई कर दोपहर ढाई बजे कुछ सहेलियों के साथ पैदल घर लौट रही थी. इस दौरान जतराहीबाग स्थित नंदलाल कैफे में सहेली काम कराने चली गयी और वह सड़क के किनारे खड़ी थी. इसी बीच उसके अपहरण का प्रयास किया गया.
सीएम हेमंत सोरेन से मजदूरों व उनके परिजनों ने सीएम आवास में की मुलाकात
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उत्तराखंड के यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर निर्माणाधीन सिलक्यारा टनल हादसे से सुरक्षित रेस्क्यू किए गए झारखंड के 15 श्रमिक और उनके परिजनों ने मुलाकात की.
पलामू में ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत
पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर थाना के बिस्फुटा रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई. टीओपी थ्री के प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. मृतक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है.
रांची पहुंचे मजदूर व उनके परिजन गेस्ट हाउस में रुकेंगे
रांची: उत्तराखंड सुरंग से सुरक्षित निकले सभी 15 मजदूर अपने परिजनों के साथ रांची एयरपोर्ट पहुंचे. यहां इनका भव्य स्वागत किया गया. वे सीएम से मुलाकात करने के लिए सीएम आवास पहुंचने को हैं. आज रात ये गेस्ट हाउस में रुकेंगे.
लेखक के बारे में
By Jaya Bharti
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए