Jharkhand Breaking News LIVE: श्याम मंदिर में 22 जनवरी को विशेष पूजा, राम मंदिर समारोह का होगा सीधा प्रसारण
Jharkhand Breaking News Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
रांची के श्याम मंदिर में 22 जनवरी को होगी विशेष पूजा, अयोध्या राम मंदिर समारोह का होगा सीधा प्रसारण
रांची: अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में विशेष आयोजन होगा. मंदिर को आकर्षक स्वरूप में सजाया जा रहा है. इस अवसर पर श्री श्याम मंडल द्वारा कई कार्यक्रम होंगे. सुबह 10 बजे से एकल अभियान के श्री हरी सत्संग रांची के वनवासी भाई-बहन द्वारा सुंदरकांड का पाठ किया जायेगा. साथ ही मंदिर परिसर से प्रसाद स्वरूप शुद्ध घी के लड्डू का वितरण होगा. शाम छह बजे से रात आठ बजे तक भजन कार्यक्रम व दीपोत्सव मनाया जायेगा. इस अवसर पर मंदिर में विराजमान रजत सिंहासन पर श्री श्याम प्रभु, वीर बजरंगबली व शिव परिवार का विशेष शृंगार होगा. अयोध्या में होनेवाले कार्यक्रम का मंदिर परिसर में लगे एलसीडी टीवी पर सीधा प्रसारण किया जायेगा. कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट श्री श्याम मंडल के यूट्यूब चैनल पर भी होगा. रात में प्रभु राम के स्वागत में आतिशबाजी की जायेगी.
साहिबगंज डीसी रामनिवास यादव को ईडी ने फिर भेजा समन
साहिबगंज के उपायुक्त रामनिवास यादव को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को दूसरा समन भेजा है. ईडी ने रामनिवास यादव को 19 जनवरी को पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा है. इससे पहले डीसी रामनिवास यादव को 6 जनवरी को समन भेजकर 11 जनवरी को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय नहीं गए.
गुमला के डीइओ व ऑपरेटर एक लाख रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को दिन में 4:30 बजे गुमला के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीइओ) सुनील शेखर कुजूर व कंप्यूटर ऑपरेटर अनूप किंडो को एक लाख रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया. एसीबी ने दोनों को पैसे लेते रंगे हाथ पकड़ा और गिरफ्तार कर दोनों को रांची ले गयी.
झारखंड के 25 प्रखंड विकास पदाधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग
झारखंड सरकार ने राज्य के 25 प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) की ट्रांसफर-पोस्टिंग करदी है. ग्रामीण विकास विभाग की ओर से इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी गई है. अदिति गुप्ता को गढ़वा जिले के नगरउंटारी प्रखंड का बीडीओ बनाया गया है. वह 23 जनवरी 2024 को प्रभार ग्रहण करेंगीं.
ईडी ने कैबिनेट सचिव की चिट्ठी का दिया जवाब, कहा- आप बेवजह मामले में हस्तक्षेप क्यों कर रहीं हैं
झारखंड के अधिकारियों को बार-बार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से समन भेजे जाने का कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने विरोध किया था. इस संबंध में ईडी को पत्र लिखकर उन्होंन विरोध दर्ज कराया था और पूछा था कि किस अपराध में प्रशासनिक और पुलिस अफसरों को समन भेजा जा रहा है, यह बताएं. इसके जवाब में ईडी ने आज उनको एक चिट्ठी भेजी है. छह पन्ने की इस चिट्ठी में ईडी ने झारखंड सरकार की कैबिनेट सचिव से कहा है कि हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि यह चिट्ठी पीएमएलए के सेक्शन 50(2) के तहत आपको नहीं भेजी गई थी. हमें यह समझ नहीं आ रहा है कि संबंधित व्यक्तियों को भेजे गए समन के अनुपालन में आप क्यों हस्तक्षेप कर रहीं हैं.
धनबाद में दारोगा 15 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार
धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना में कार्यरत दारोगा को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने 15 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. दारोगा का नाम विक्रम कुमार है.
लेखक के बारे में
By Jaya Bharti
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए