Jharkhand Breaking News LIVE:झारखंड स्कूल इनोवेशन चैलेंज में DAV ललपनिया के कुमार दिव्यांश ने बढ़ाया मान
Jharkhand Breaking News LIVE Updates: भारत का 28वां राज्य है झारखंड. इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…
रामगढ़ में सड़क हादसे में पिता की मौत, पुत्र घायल
रामगढ़ (वकील चौहान) : रामगढ़ जिले के केदला के वेस्ट बोकारो ओपी क्षेत्र अंतर्गत चोपड़ा मोड़ पर शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में राजकिशोर महतो (40 वर्ष) की मौत हो गयी. घटना में मृतक का आठ साल का पुत्र अर्जुन कुमार घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने घायल अर्जुन को सीसीएल केदला बसंतपुर वाशरी के डिस्पेंसरी में भर्ती कराया, जहां पर घायल का प्राथमिक उपचार किया गया.
अमृत महोत्सव धूमधाम से मनाने का निर्णय
रांची : झारखंड पार्टी सेकुलर की मासिक बैठक करमटोली स्थित राजा डेरा, रांची में पार्टी के केन्द्रीय अध्यक्ष मधुसूदन सिंह की अध्यक्षता में की गयी. इसमें आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर आजादी के अमृत महोत्सव को धूमधाम से मनाये जाने का निर्णय लिया गया. झारखंड पार्टी सेकुलर की होर्डिंग्स, बैनर और राष्ट्रीय ध्वज के साथ सभी जिला कमेटियों, प्रखंड कमेटियों एवं केन्द्रीय कमेटी के मुख्यालय एवं अन्य जगहों पर लगायी जायेगी और सभी कमेटियों के मुख्य कार्यालयों पर झारखंड पार्टी सेकुलर द्वारा झण्डोतोलन किया जायेगा. पार्टी के केन्द्रीय महासचिव किशोर कुमार मिश्रा ने सुखाड़ को लेकर किसानों की परेशानियों पर सरकार का ध्यानाकृष्ट करने पर जोर दिया और कहा कि सरकार अविलंब झारखंड को सुखाड़ क्षेत्र घोषित कर किसानों को उचित मुआवजा एवं अन्य सहायता करे. बैठक में मुख्य रूप से अजय नाथ शाहदेव एवं पलामू से अजय बक्स राय मौजूद थे.

झारखंड स्कूल इनोवेशन चैलेंज 2022 में के दिव्यांश तीसरा स्थान किया प्राप्त

महुआटांड (रामदुलार पंडा) : नरेश वशिष्ठ सेंटर फॉर टीकरिंग एंड इनोवेशन (एनवीसीटीआइ) और आइआइटी (आइएसएम) धनबाद द्वारा आयोजित झारखंड स्कूल इनोवेशन चैलेंज 2022 का फाइनल राउंड (उत्पाद विकास चरण) के लिए चयनित टॉप पांच प्रतिभागियों के बनाए मॉडल्स में डीएवी पब्लिक स्कूल, टीटीपीएस, ललपनिया के छात्र कुमार दिव्यांश ने तीसरा स्थान प्राप्त किया. कुमार दिव्यांश के बनाए स्मार्ट व्हील चेयर प्रोटोटाइप मॉडल की खूब प्रशंसा हुई है. राज्य स्तर पर तृतीय स्थान हासिल किए कुमार दिव्यांश को ट्रॉफी और 20 हजार रुपये नगद राशि पुरस्कार के तौर पर मिला है. शुक्रवार को आइएसएम धनबाद परिसर में हुए अंतिम चरण के कार्यक्रम में बीसीसीएल धनबाद के निदेशक संजय कुमार सिन्हा व राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान धनबाद के निदेशक राजीव शेखर ने कुमार दिव्यांश को पुरस्कार प्रदान करते हुए बधाई दी है. बता दें कि छात्र कुमार दिव्यांश टीटीपीएस ललपनिया के डीजीएम एचआर अशोक प्रसाद के पुत्र हैं. अपने पुत्र के इस उपलब्धि पर श्री प्रसाद व उनकी पत्नी संगीता सोनी काफी खुश हैं. टीवीएनएल एमडी अनिल कुमार शर्मा, ईएसई आशीष कुमार शर्मा, डीएवी ललपनिया की प्राचार्या उषा राय सहित सभी शिक्षकों ने कुमार दिव्यांश की उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं.
सीएम के प्रेस सलाहकार पिंटू से ईडी की पूछताछ पूर
रांची : प्रवर्तन निदेशालय ने सीएम हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू से लगातार तीसरे दिन शुक्रवार को भी पूछताछ की. करीब सात घंटे चले पूछताछ में ईडी के अधिकारियों ने पिंटू से कई जानकारी प्राप्त की है. बता दें कि बुधवार और गुरुवार को भी ईडी ने पिंटू से काफी देर तक पूछताछ कर चुकी है.
पिकलबॉल वर्ल्ड चैंपियनशिप 2022 में झारखंड के तीन खिलाड़ियों का चयन
हजारीबाग : पिकलबॉल वर्ल्ड चैंपियनशिप 20 सितंबर से बाली इंडोनेशिया में होने वाली है. इसमें झारखंड से जसमीत सिंह कालरा, प्रभात कुमार और अभिषेक कुमार सिन्हा का चयन किया गया है. झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के सहसचिव बी सुधीर ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए अच्छे प्रदर्शन करने की उम्मीद जतायी है.
चाकुलिया के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की 18 छात्राएं कोरोना संक्रमित
चाकुलिया (राकेश सिंह) : पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, चाकुलिया में शुक्रवार को कोरोना जांच अभियान चलाया गया. कुल 141 छात्राओं की कोरोना जांच हुई. जिनमें 18 छात्रा कोरोना संक्रमित मिली. इससे पहले तीन अगस्त को भी KGBV में कोरोना जांच अभियान चलाया गया था. उस दौरान एक टीचर्स समेत 17 छात्राएं कोरोना संक्रमित पायी गयी थी. केजीबीवी में कोरोना संक्रमितों की संख्या अब कुल 35 हो गई है. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रंजीत मुर्मू ने बताया कि सभी संक्रमित छात्राओं को केजीबीवी परिसर में ही आइसोलेशन में रखा गया है. उन्हें आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध करायी गयी है. उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मिले 18 कोरोना संक्रमितों में से 15 छात्राओं ने वैक्सीन की दोनों डोज ले रखी है. इसके बावजूद वे कोरोना की शिकार हुई.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए