Jharkhand Breaking News LIVE: सियालदह राजधानी एक्सप्रेस में चली गोली, आर्मी का जवान हिरासत में
Jharkhand Breaking News Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
सियालदह राजधानी एक्सप्रेस में चली गोली, आर्मी का जवान हिरासत में
कोडरमा :धनबाद-गया रेलखंड पर गुरुवार की देर रात सियालदह राजधानी एक्सप्रेस में अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया. गोली एक आर्मी जवान की रिवाल्वर से चली. गोली चलने की घटना तुरंत आम होने के बाद रेल प्रशासन हरकत में आया. आरोपी आर्मी जवान को कोडरमा स्टेशन पर ट्रेन से उतारा गया. कोडरमा में आरपीएफ, जीआरपी व रेल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रही है. जानकारी के अनुसार गोली चलाने का आरोप सिख रेजीमेंट के जीडी ग्रेड के जवान हरपिंदर सिंह (41 वर्ष) पिता संगारा सिंह निवासी काला अफ़ग़ाना फतेहगढ़ चूड़ियां गुरदासपुर पंजाब पर लगा है. आरोपी जवान को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. बताया जाता है कि आरोपी जवान 12313 सियालदह राजधानी एक्सप्रेस के बी-7 कोच में 63 नंबर बर्थ पर सफर कर रहा था. उसका टिकट धनबाद से नई दिल्ली के लिए बुक किया गया था. धनबाद से ट्रेन के खुलने के कुछ देर बाद ही अचानक उसके रिवाल्वर से गोली चल गई. गोली चलते ही हड़कंप मच गया. हालांकि किसी को कोई क्षति नहीं पहुंची है. सूत्र बता रहे हैं कि रिवाल्वर से एक नहीं बल्कि इससे ज्यादा राउंड गोली चली. दूसरी और आरोपी जवान ने पूछताछ में खुद व खुद गोली चलने की बात कही है. देर रात मामले की जांच जारी थी.
खूंटी में घर का ताला तोड़कर 1.70 लाख की चोरी
कर्राः खूंटी के कर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत जलटंडा गांव निवासी कार्तिक संगा के घर में बुधवार को अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर नगद 1,70,000 रुपये की चोरी कर ली. कार्तिक संगा ने बताया कि परिवार के सभी लोग साप्ताहिक बाजार जलटंडा गये थे. इसी क्रम में अज्ञात चोर मौका का फायदा उठाते हुए घर का ताला तोड़ कर अंदर गये. घर के अंदर बक्से में रखे महिला मंडल का रुपये और बैल बेचकर अलमारी में रखे पैसे को चुरा लिया. शाम को जब कार्तिक और उसके परिवार घर लौटे तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है. अंदर गए तो सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था और अलमीरा तथा बक्सा का ताला टूटा हुआ था. उसमें रखा सारा पैसा गायब था. भुक्तभोगी कार्तिक संगा ने गुरुवार को अज्ञात चोरों के खिलाफ कर्रा थाना केस दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है.
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूजा सिंघल के पति के सीए सुमन कुमार को अंतरिम जमानत
रांची: मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी निलंबित आईएएस पूजा सिंघल के पति के सीए सुमन कुमार को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिली है. इस मामले में छह हफ्ते बाद सुनवाई होगी.
रांची के मेकॉन गेट के पास शव के साथ विरोध प्रदर्शन, आवागमन शुरू
रांची के मेकॉन गेट के पास शव के साथ महिलाओं और बच्चों ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया. मुख्य सड़क के पास से शव हटने के बाद गाड़ियों का आवागमन शुरू हो गया है.
सीएम हेमंत सोरेन 16 अक्टूबर को शिक्षकों को देंगे नियुक्ति पत्र
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 827 माध्यमिक विद्यालयों के स्नातक प्रशिक्षित शिक्षकों के बीच नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे. 16 अक्टूबर को मुख्यमंत्री मोरहाबादी स्थित स्व. रामदयाल मुंडा फुटबॉल मैदान में चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. दिन के एक बजे से समारोह का आयोजन किया जाएगा.
लातेहार में वन पट्टा की मांग को लेकर निकाली गयी आक्रोश रैली
लातेहार: संयुक्त ग्राम सभा मंच व झारखंड वनाधिकार मंच के तत्वावधान में गुरुवार को जिला मुख्यालय में वन पट्टा की मांग को लेकर एक दिवसीय आक्रोश रैली निकाली गयी. आक्रोश रैली शहर के बाजारटांड़ से प्रारंभ हुई, जो मेन रोड होते हुए समाहरणालय तक गयी. समाहरणालय पहुंच कर रैली एक सभा मे तब्दील हो गयी. रैली मे महिलाएं अपनी पीठ पर छोटे-छोटे बच्चों को बांध कर चल रहे थीं. वन पट्टा हमारा अधिकार है, वन पट्टा देने में देरी क्यों लातेहार डीसी जवाब दो, जल जंगल हमारा है जैसे नारे लगा रहे थे. सभा को संबोधित करते हुए बरवाडीह जिला परिषद सदस्य कन्हाई सिंह ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अबुआ बीर दिशुम अधिकार कानून 2023 लाकर ग्रामसभा की शक्तियों को कमजोर किया जा रहा है, जिसका विरोध जरूरी है. उन्होंने कहा कि वनाधिकार कानून 2006 के अंतर्गत ही वन पट्टा मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा दिसंबर माह तक जिले में वन पट्टा नहीं दिया गया तो 18 जनवरी 2024 से जिला मुख्यालय मे घेरा डालो डेरा डालो आंदोलन शुरू किया जायेगा. सरयू प्रखंड के जिला परिषद सदस्य बुद्धेश्वर उरांव ने कहा कि जिले मे एक भी वन संसाधनों पर अधिकार सीएफआरआर के तहत दावा का अधिकार पत्र निर्गत नहीं किया गया है जो गलत है. उन्होंने कहा कि जिला में परपंरागत वन निवासियों के वन अधिकार के दावा को कानून की गलत व्याख्या देकर उसे निरस्त किया जा रहा है. वन विभाग के अधिकारी गैर कानूनी तरीके से वन अधिकारों को प्राप्त करने की प्रक्रिया में हस्तक्षेप करते हैं. सभा के बाद उपायुक्त को संबोधित 11 सूत्री मांग पत्र अनुमंडल पदाधिकारी को सौंपा गया.
लेखक के बारे में
By Nutan Kumari
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए