Jharkhand Breaking News: रांची के नामकुम में पेड़ से लटकता युवक का शव बरामद
झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
रांची के नामकुम में पेड़ से लटकता युवक का शव बरामद
नामकुम : रांची जिला अंतर्गत नामकुम थाना क्षेत्र के पलांडू अनुसंधान केंद्र स्थित दक्षिणी क्षेत्र में लगे पेड़ पर लटकता एक युवक का शव पुलिस ने बरामद किया है. प्रशिक्षु आईपीएस सह थाना प्रभारी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा प्राप्त सूचना पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. शव पांच-छह पहले की होने की वजह से इसमें से बदबू आ रही थी. मृतक की शिनाख्त नहीं हो पायी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की हत्या हुई है या आत्महत्या है. कुछ दिन पूर्व घटना स्थल के कुछ दूर खरसीदाग ओपी क्षेत्र अंतर्गत मालती गांव के खेत स्थित कुआं से भी पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया था जिसकी अबतक शिनाख्त नहीं हो पायी है.
देवघर में नहीं थम रहा बाईकर्स गैंग का कहर, महिला के गले से खींचा सोने की चेन
देवघर : नगर थाना क्षेत्र के बमबम बाबा पथ स्थित ऑफिर्सस कॉलोनी में सोमवार दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से डेढ़ भर की सोने की चेन खींच लिया व तेज गति से आगे मुख्य सड़क की तरफ भाग निकला. घटना के बाद ऑफिर्सस कॉलोनी निवासी अमित भारती की पत्नी दीपी भारती ने नगर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. कहा है कि वह घर से बेटे को लाने स्कूल बस के स्टॉप पर गयी थी. बच्चे को लेकर वापस लौटने के दौरान लाल बाइक पर सवार दो युवक उसके करीब आये और गले से सोने की चेन खींच लिया. घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार दोनों बदमाश तेज गति में आगे बाईपास रोड की तरफ भाग निकले. शिकायत मिलते ही नगर थाने की पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुटी है.
देवघर नगर थाना के तत्कालीन थाना प्रभारी 2 सितंबर को कोर्ट में हों हाजिर
देवघर : नगर थाना देवघर में पदस्थापित तत्कालीन थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह के विरुद्ध कोर्ट ने संज्ञान लिया है. आइओ ने अनुसंधान पूरी कर असंज्ञेय धारा भादवि की धारा 334 (अचानक उत्तेजित होकर घटना को अंजाम देने) के तहत प्रतिवेदन न्यायालय में भेजा और सीजेएम कोर्ट ने संज्ञान लेकर ट्रायल के लिए न्यायिक दंडाधिकारी संध्या प्रसाद की अदालत में मामले को भेज दिया. अदालत ने इस मामले में आरोपी को हाजिर होने के लिए अगली तिथि दो सितंबर, 2023 को मुकर्रर की है. पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में एफआईआर में अंकित भादवि की धारा 166, 323, 307 एवं 504 को असत्य करार देते हुए उक्त प्रतिवेदन भेजा है. मालूम हो कि यह मामला पंजाब नेशनल बैंक में कार्यरत सुरक्षा गार्ड अंकित राज के बयान पर दर्ज हुआ था. दर्ज मुकदमे के अनुसार, घटना दो जनवरी 2023 को घटी थी, जिसमें सूचक के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया था.
ओडिशा से अगवा युवती गुमला बाइपास में भटकते व रोते मिली
गुमला, दुर्जय पासवान : ओडिशा से अगवा एक युवती गुमला के बाइपास सड़क में भटकते व रोते हुए मिली. हालांकि, जब युवती मिली तो उसके साथ दुष्कर्म की आशंका व्यक्त की गयी थी. लेकिन, गुमला पुलिस की माने तो युवती के साथ दुष्कर्म नहीं हुआ है. युवती के अनुसार, चार लोगों ने उसका अगवा कर ट्रक में बैठा लिया. इसके बाद उसे गुमला के बाइपास सड़क पर लाकर छोड़ दिया. सोशल मीडिया में कुछ लोगों ने युवती के मिलने के बाद ट्रक में सवार चार लोगों द्वारा दुष्कर्म करने का मामला प्रसारित किया है. जिसका गुमला पुलिस ने खंडन किया है. ऐसे पुलिस ने युवती को बरामद करने के बाद सोमवार को सदर अस्पताल गुमला में मेडिकल कराया है. युवती ने बताया कि वह ओडिशा के सुंदरगढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली है. एक कारखाना में काम करती है. उसने बताया कि जब बीती रात अपने घर जा रही थी. इसी दौरान पितरी गांव के समीप एक ट्रक रुका और चार लोग जबरन उठाकर ट्रक में बैठा कर ले गये. इसके बाद गुमला शहर से छह किमी दूर बाइपास रोड गुमला में ट्रक से उतरकर फरार हो गये. इस मामले को लेकर पुलिस जांच पड़ताल में जुट गयी है.
खूंटी डीसी ने विभिन्न विभाग के अधिकारियों संग की बैठक, दिये कई निर्देश
खूंटी : उपायुक्त कार्यालय सभागार में सोमवार को भवन निर्माण विभाग, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, पथ निर्माण विभाग, आरईओ की योजनाओं की समीक्षा की गयी. उपायुक्त लोकेष मिश्र ने एक-एक कर विभाग की योजनाओं की जानकारी ली. उन्होंने लंबित योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया. इस दौरान आरईओ के कार्यपालक अभियंता को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के योजनाओं को जल्द पूरा करने के लिए कहा. वहीं, सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से करने का निर्देश दिया. भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को स्वास्थ्य उपकेंद्र और मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण को प्राथमिकता पर पूरा करने के लिए कहा. बैठक में लतरातू और अन्य पर्यटन स्थलों के विकास को लेकर चर्चा किया गया. मौके पर संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता और अन्य उपस्थित थे.
देवघर के मधुपुर में एक व्यक्ति को चाहिए 30 हजार गोली का लाइसेंस, दिया आवेदन
देवघर : मधुपुर के एक व्यक्ति को जिला प्रशासन से 30 हजार गोली रखने का लाइसेंस चाहिए. इसको लेकर इस व्यक्ति ने जिला अग्नेयास्त्र पदाधिकारी को आवेदन देकर 30 हजार गोली का लाइसेंस निर्गत करने की मांग की है. हालांकि, जिला प्रशासन ने उक्त व्यक्ति की मांग को खारिज कर दिया है. जिला अग्नेयास्त्र पदाधिकारी द्वारा काफी पहले ही आवेदन को रिजेक्ट कर दिया था. जिला प्रशासन के अनुसार, किसी भी व्यक्ति को एक वर्ष में 200 गोली रखने का ही लाइसेंस दिया जाता है. एक साथ 30 हजार गोली रखने की मांग पूरी तरह से अनुचित है. जिस कारण आवेदन को रिजेक्ट कर दिया गया है. इसके अलावा जिला राइफल शूटिंग एसोसिएशन द्वारा भी कई हथियार के लाइसेंस की मांग की गयी थी, जिसे भी अस्वीकृति किया गया.
लेखक के बारे में
By Jaya Bharti
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए