JAC इंटर परीक्षा की कॉपियों की जांच में मिले अजीबोगरीब उत्तर, किसी ने लिखा गाना तो कोई हनुमान चलीसा
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 29 Apr 2023 11:38 AM
झारखंड के शिक्षकों की मानें तो कई उत्तर पुस्तिका ऐसे भी मिले हैं, जिसमें छात्रों ने उत्तर को बड़ा करने के लिए हनुमान चलीसा लिख दिया है. कुछ ने फिल्मी गानों के बोल लिख दिये
झारखंड एकेडमिक काउंसिल की परीक्षा समाप्त होने के बाद परीक्षार्थी रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं. शिक्षकों की कॉपी जांचने की प्रक्रिया भी लगातार जारी है, लेकिन मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों को अंक देने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. परेशानी की वजह है परीक्षार्थियों का उत्तर लेखन. दरअसल कॉपियों की जांच में लगे शिक्षकों को कई ऐसी कॉपियां मिली है जिनमें छात्रों ने हू-बहु प्रश्न को उतार दिया है, तो किसी ने प्रश्नपत्र के सभी निर्देशों को क्रमवर उतार दिया है. ऐसे में उत्तरपुस्तिकाओं की जांच कर रहे शिक्षकों की हंसी छूट रही है.
शिक्षकों की मानें तो कई उत्तर पुस्तिका ऐसे भी मिले हैं, जिसमें छात्रों ने उत्तर को बड़ा करने के लिए हनुमान चलीसा लिख दिया है. कुछ ने फिल्मी गानों के बोल लिख दिये. एक परीक्षार्थी ने तो पूरे अंक देने के लिए शिक्षक से अनुरोध तक कर डाला है. उन्होंने लिखा है ‘सर, मैंने मेहनत से परीक्षा की तैयारी की है. अतः आपसे अनुरोध है कि मुझे पूरे अंक दें. क्योंकि मुझे रांची के सेंट जेवियर कॉलेज में एडमिशन लेना है.
इधर, धनबाद के कई शिक्षक उत्तर पुस्तिकाओं की जांच में शामिल नहीं हो पा रहे हैं. इस मामले में जब जानकारी ली गयी तो पता चला कि बीबीएमकेयू में अभी स्नातक सेमेस्ट, एक, तीन और पांच के उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य चल रहा है. ऐसे में संबद्ध कॉलेजों के शिक्षक इंटर के उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य में शामिल नहीं हो पा रहे हैं.
कॉलेजों के शिक्षकों के नहीं आने से इंटर के उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में एक सप्ताह तक अतिरिक्त समय लग सकता है. वहीं शहर में पांच मूल्यांकन केंद्रों में कुछ पर मैट्रिक की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है. अगले दो से तीन दिनों में इन केंद्रो पर इन मूल्यांकन कार्य पूरा कर लिया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










