झारखंड सियासी संकट: कल फिर घूमने जायेंगे झारखंड के विधायक, हेमंत सोरेन बोले- अफवाहों पर ध्यान न दें
झारखंड सियासी संकट: कल फिर घूमने जायेंगे झारखंड के विधायक. हेमंत बोले- अफवाहों पर ध्यान न दें. राज्यपाल रमेश बैस ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को विधानसभा की सदस्यता के अयोग्य ठहराया है. झारखंड की राजनीति की हर छोटी-बड़ी खबर के लिए बने रहें हमारे साथ…
कल फिर घूमने जायेंगे झारखंड के विधायक
झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत सत्ताधारी गठबंधन के सभी विधायक शनिवार को खूंटी के लतरातू डैम से घूमकर शाम को रांची लौट आये. खबर है कि रविवार (28 अगस्त 2022) को विधायकों को फिर किसी और जगह की सैर करायी जा सकती है. इससे पहले मुख्यमंत्री ने विधायकों की बैठक में कहा कि हमें कोई छत्तीसगढ़ भेज रहा है, तो कोई बंगाल भेज रहा है. हमें एकजुट रहना है. अफवाहों पर ध्यान न दें.
अविनाश पांडे रांची पहुंचे, कहा- हम हेमंत सोरेन सरकार के साथ
झारखंड के कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे रांची पहुंच गये हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से हेमंत सोरेन सरकार के साथ है. इस बीच, कांग्रेस और यूपीए विधायक दल की बैठक शुरू हो गयी है. खूंटी से सभी विधायक रांची लौट आये हैं. सभी विधायक अभी मुख्यमंत्री आवास में ही हैं.
खूंटी के लतरातू में पिकनिक मनाकर रांची लौटे यूपीए विधायक
खूंटी के लतरातू में पिकनिक मनाकर यूपीए के विधायक और मंत्री रांची लौट आये हैं. रात 8:30 बजे से विधायक दल की बैठक शुरू होगी.
लतरातू से बेड़ो के रास्ते रांची लौट रहा विधायकों का काफिला
खूंटी जिला के कर्रा प्रखंड स्थित लतरातू डैम पहुंचा विधायकों का काफिला अब बेड़ो के रास्ते रांची लौट रहा है. शाम में मुख्यमंत्री आवास पर यूपीए विधायक दल की बैठक होगी. बताया जा रहा है कि कांग्रेस के झारखंड प्रभारी अविनाश पांडे भी रांची पहुंच रहे हैं.
शाम तक रांची लौट सकते हैं यूपीए के सभी विधायक
झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन के सभी विधायक शनिवार शाम तक रांची लौट सकते हैं. बताया जा रहा है कि शाम में मुख्यमंत्री आवास में यूपीए विधायक दल की बैठक बुलायी गयी है. फिलहाल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सभी विधायक खूंटी के कर्रा जिला में स्थित लतरातू डैम के पास एक गेस्ट हाउस में ठहरे हुए हैं.

हेमंत सोरेन समेत सभी विधायक लतरातू डैम पहुंचे
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत सभी विधायकों के खूंटी जिला के कर्रा प्रखंड स्थित लतरातू डैम पहुंचने की सूचना है. खूंटी के डीसी और एसपी लतरातू के डुमारगड़ी गेस्ट हाउस पहुंच गये हैं. यहां गद्दे और सोफा वगैरह की व्यवस्था की जा रही है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए