रांची का दुर्गा पूजा पंडाल होगा खास, 120 फीट ऊंचे द्वारकाधीश मंदिर में दिखेगी संत-महात्माओं की झलक

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

रांची के अलबर्ट एक्का चौक पर चंद्रशेखर आजाद क्लब द्वारा 120 फीट ऊंचा द्वारकाधीश मंदिर का पंडाल बनाया जा रहा है। जानें इसकी खासियत।

विज्ञापन

रांची. चंद्रशेखर आजाद क्लब दुर्गा पूजा समिति की ओर से अलबर्ट एक्का चौक के समीप इस वर्ष द्वारकाधीश मंदिर के प्रारूप पर भव्य पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है. पंडाल में द्वारकाधीश मंदिर के साथ द्वारका नगरी की झलक भी देखने को मिलेगी.

विज्ञापन

पंडाल की ऊंचाई 120 फीट, चौडाई 95 फीट और लंबाई 140 फीट होगी. इसे सुनहरे रंग में सजाया जायेगा. पंडाल के अंदर महलनुमा सजावट की जायेगी और संत-महात्माओं की प्रतिमाएं भी लगायी जायेंगी. बांस की संरचना पर प्लाइवुड, लकडी, लोहे, चीनी फोम और फाइबर समेत अन्य सामग्री का इस्तेमाल कर मंदिर का प्रारूप तैयार किया जा रहा है.

पंडाल निर्माण का काम पिछले तीन महीने से चल रहा है. इसका निर्माण बंगाल के कारीगरों की ओर से किया जा रहा है. पूजा समिति के अनुसार नवरात्र की चतुर्थी तिथि को पंडाल का अनावरण किया जायेगा. पंडाल के साथ आसपास के इलाके में भी आकर्षक विद्युत सज्जा की जायेगी.

15 फीट ऊंची होगी मां दुर्गा की प्रतिमा

पंडाल में मां दुर्गा की 15 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जायेगी. प्रतिमा निर्माण का काम भी बंगाल के कारीगरों की ओर से किया जा रहा है. समिति के अनुसार प्रतिमा और पंडाल दोनों भक्तों के आकर्षण का केंद्र होंगे.

चंद्रशेखर आजाद क्लब दुर्गा पूजा समिति की ओर से वर्ष 1971 से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है. अलबर्ट एक्का चौक के समीप बनने वाला पूजा पंडाल हर वर्ष लोगों के आकर्षण का केंद्र रहता है.

आयोजन पर खर्च होंगे 1.10 करोड रुपये

समिति के अनुसार वर्ष 2026 के आयोजन में करीब 1.10 करोड रुपये खर्च किये जायेंगे. इसमें करीब 80 लाख रुपये पंडाल निर्माण पर खर्च होंगे. प्रतिमा निर्माण पर करीब पांच लाख रुपये खर्च किये जाने हैं. इसके अलावा विद्युत सज्जा, टेंट और अन्य व्यवस्थाओं पर भी राशि खर्च की जायेगी.

पूजा समिति के मुख्य संरक्षकों में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, रघुवर दास, दीपक प्रकाश, संजय सेठ, आदित्य साहू, आशा लकडा और सुदेश महतो शामिल हैं. समिति के अध्यक्ष रमेश सिंह हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola