छात्रों पर हुई लाठीचार्ज मामले में कांग्रेस के चार मंत्रियों का आया बयान, जानिए किसने क्या कहा?
लाठीचार्ज मामले पर प्रेस वार्ता करते कांग्रेस के मंत्री : प्रभात खबर
रांची में जेपीएससी-जेएसएससी धांधली को लेकर छात्रों के आंदोलन और उन पर हुई पुलिसिया कार्रवाई के बाद कांग्रेस के चार मंत्रियों ने प्रेस वार्ता की. वित्त मंत्री, ग्रामीण विकास मंत्री, कृषि मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने भाजपा पर छात्रों के आंदोलन को भड़काने और राजनीतिक हवा देने का आरोप लगाया.
रांची: जेपीएससी-जेएसएससी में हुई कथित गड़बड़ियां और अनियमितता को लेकर बीते दिनों राज्य के हजारों छात्रों ने विधानसभा घेराव किया. इस दौरान छात्रों पर पुलिसिया कार्रवाई की गई, जिसमें कई छात्र घायल हुए. इस मामले में कांग्रेस के चार मंत्रियों ने एक साथ प्रेस वार्ता कर अपनी-अपनी बयान दिया है. इन चारों मंत्रियों में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, ग्रामीण विकास मंत्री दीपीका पांडेय सिंह, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी शामिल हैं. सभी ने भाजपा को घेरते हुए आरोप लगाया कि भाजपा छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक हवा देने का काम कर रही है.
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि विधानसभा सत्र को लेकर सरकार गंभीर थी. सदन के अंदर चर्चा कराना चाहती थी. लेकिन भाजपा के विधायक सुबह सात बजे ही मुख्यमंत्री के आवास के समक्ष धरने पर बैठ गये. भाजपा की मंशा छात्रों के मुद्दे पर चर्चा करने की नहीं थी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने आंदोलन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग या किसी भी हिंसा के खिलाफ थी. सरकार ने इसमें संयम और धैर्य बरता. आंदोलन में बाहरी उपद्रवी तत्व घूस गये थे, जिन्होंने हिंसा को अंजाम दिया. वहीं दूसरी ओर बाबूलाल मराडी के कार्यकाल में आंदोलनकारियों पर गोली चलवाने का काम किया. 2001 में कोयलकारो परियोजना में आंदोकारियों पर गोली चलवाया, जिसमें आठ आंदोलकारियों की मौत हो गयी.
जिन छात्रों पर लाठीचार्ज हुई उनसे माफी मांगती हूं : दीपीका पांडेय सिंह
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा है कि शिक्षा माफियाओं को बचाने के लिए बीजेपी जानबूझ कर सीबीआइ जांच का दांव खेलना चाहती है. जबकि इतिहास गवाह है कि सीबीआइ ने जांच के नाम पर सभी मामलों को लटकाने के सिवाय कुछ भी नहीं किया. झारखंड में गठबंधन सरकार द्वारा परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ कार्रवाई शुरू किये जाने के बाद छात्रों का आंदोलन सामने आया. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस आंदोलन को राजनीतिक हवा देने और सीबीआइ के नाम पर गड़बड़ियों को छिपाने का प्रयास कर रही है. अब तक 20 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं. मंत्री ने कहा है कि हम कभी भी छात्रों पर लाठी चलाने के पक्ष में नहीं है. फिर भी जिन छात्रों पर लाठीचार्ज हुई, मैं उन छात्रों से माफी मांगती हूं.
भाजपा ने छात्र आंदोलन किया हाइजैक : डॉ इरफान अंसारी
स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को यह मालूम होना चाहिए कि राहुल गांधी के पर आरोप लगाना चांद में थूकने के बराबर है. राहुल गांधी पूरे देश में छात्रों की आवाज बनकर उभरे है. झारखंड के लिए भी उनका संदेश स्पष्ट है, वो किसी भी हिंसा के खिलाफ है. छात्रों की मांगों पर संवाद के माध्यम से समाधान चाहते हैं. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री होने के नाते मैं सभी आंदोलनकारी छात्रों जो भी अस्वस्थ्य है, उनका मुफ्त इलाज मेरी देख-रेख में हो रही है. मंत्री ने कहा कि भाजपा ने छात्रों के आंदोलन को हाइजैक किया है. छात्रों को भड़काया है. भाजपा ने बिहार, बंगाल और छत्तीसगढ़ से लोगों को बुलाकर छात्र आंदोलन को राजनीतिक रूप देने की कोशिश की.
भाजपा ने आंदोलन को हिंसक बनाने का प्रयास किया : शिल्पी नेहा तिर्की
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि छात्र आंदोलन को भाजपा हिंसक बनाने का प्रयास कर रही है. जबकि राहुल गांधी और राज्य की सरकार संवाद के माध्यम से एक ठोस समाधान की ओर बढ़ चुके हैं. भाजपा अध्यक्ष द्वारा राहुल गांधी के पर लगाये गये आरोप हताशा और निराशा में दिया गया बयान है. राहुल गांधी ने आंदोलनकारी छात्रों से सीधे संवाद किया और पुलिसिया कारवाई की निंदा की है. उन्होंने कहा कि भाजपा आज छात्रों की हितैशी बन रही है. इसी भाजपा ने राज्य में पत्थरगढ़ी के मामले में 10 हजार से ज्यादा आदिवासी युवकों पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज की थी. हम छात्रों के साथ और भाजपा के हर उस प्रयास को विफल कर देंगे, जो इस राज्य के अमन और चैन बिगाड़ने का प्रयास कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










