ePaper

लोहरदगा में 10 तो खूंटी में 7.3 फीसदी कम हुआ भाजपा का वोट

Updated at : 07 Jun 2024 7:08 PM (IST)
विज्ञापन
लोहरदगा में 10 तो खूंटी में 7.3 फीसदी कम हुआ भाजपा का वोट

राज्य में अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित सभी सीट भाजपा इस चुनाव में हार गयी. भाजपा न सिर्फ चुनाव हारी बल्कि कुछ सीटों पर पार्टी के वोट प्रतिशत भी रिकार्ड कमी आयी.

विज्ञापन

रांची. राज्य में अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित सभी सीट भाजपा इस चुनाव में हार गयी. भाजपा न सिर्फ चुनाव हारी बल्कि कुछ सीटों पर पार्टी के वोट प्रतिशत भी रिकार्ड कमी आयी. लोहरदगा व खूंटी लोकसभा सीट पर भाजपा पिछले तीन चुनाव से लगातार जीत दर्ज कर रही थी. लोहरदगा में पिछले तीन चुनाव से हार-जीत का अंतर 10 हजार वोट रहा था. इस वर्ष के चुनाव में भाजपा को न केवल हार का सामना करना पड़ा बल्कि वोट प्रतिशत भी 10 फीसदी कम हो गया. लोहरदगा में भाजपा एक लाख से अधिक वोट से चुनाव हार गयी. यहीं हाल खूंटी लोकसभा का भी रहा. वर्ष 2019 के चुनाव में भाजपा खूंटी सीट पर लगभग 1500 वोट से जीत दर्ज की थी. भाजपा को 45.94 व कांग्रेस को 45.77 फीसदी वोट मिला था. इस वर्ष के चुनाव में भाजपा का वोट प्रतिशत 38.64 रह गया. कांग्रेस ने इस सीट पर भी लगभग डेढ़ लाख वोट से जीत दर्ज की. भाजपा के वोट प्रतिशत में 7.3 फीसदी की कमी आयी. इन दोनों लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाले किसी भी विधानसभा सीट पर भाजपा को बढ़त नहीं मिली.

तीन सीट पर एक-एक बार भाजपा ने दर्ज की जीत

राजमहल, दुमका व सिंहभूम सीट पर भी भाजपा ने वर्ष 2009 से 2019 तक हुए तीन चुनाव में एक-एक बार जीत दर्ज की है. राजमहल सीट भाजपा 2009 में जीती थी. इसके बाद यह सीट भाजपा नहीं जीत सकी. सिंहभूम में वर्ष 2014 व दुमका में 2019 में जीत दर्ज की थी. राजमहल में भी भाजपा का वोट प्रतिशत पिछले चुनाव की तुलना में चार फीसदी व सिंहभूम में छह फीसदी की कमी आयी है. इस वर्ष के चुनाव में केवल दुमका में ही भाजपा इंडिया गठबंधन को टक्कर दे पायी.

जहां भाजपा जीती, वहां भी एसटी सीट पर पिछड़ गयी

भाजपा रांची व चतरा लोकसभा सीट पर इस वर्ष जीत दर्ज की है. दोनों लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी पिछड़ गये. रांची में खिजरी व चतरा में मनिका में भाजपा को बढ़त नहीं मिली.

एसटी आरक्षित सीटों का रिजल्ट

वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में राजमहल में भाजपा, दुमका में झामुमो, खूंटी में भाजपा, लोहरदगा में भाजपा व सिंहभूम में निर्दलीय की जीत हुई थी. वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में राजमहल व दुमका में झामुमो, खूंटी, लोहरदगा सिंहभूम में भाजपा की जीत हुई थी. वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में राजमहल में झामुमो, दुमका, खूंटी व लोहरदगा में भाजपा व सिंहभूम में कांग्रेस की जीत हुई थी. वर्ष 2024 में सिंहभूम, राजमहल व दुमका में झामुमो और खूंटी, लोहरदगा में कांग्रेस की जीत हुई.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola