ओबीसी के लिए अलग कॉलम की मांग, 16 सितंबर को राजभवन मार्च करेगी कांग्रेस
झारखंड कांग्रेस 16 सितंबर को राजभवन मार्च करेगी। ओबीसी की जातिगत जनगणना और अलग कॉलम की मांग को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।
रांची. जातिगत जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम शामिल करने की मांग को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस 16 सितंबर को राजभवन मार्च करेगी. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में होनेवाले मार्च में मंत्री, विधायक, वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे. मार्च के बाद कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर केंद्र सरकार से ओबीसी की वास्तविक संख्या दर्ज करने के लिए अलग कॉलम सुनिश्चित करने की मांग करेगा.
ओबीसी की वास्तविक संख्या दर्ज करने की मांग
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि जब सरकार सबका साथ, सबका विकास और सामाजिक न्याय की बात करती है, तो ओबीसी की वास्तविक संख्या दर्ज करने से उसे आपत्ति क्यों है. उन्होंने सवाल उठाया कि ओबीसी समाज को उसकी आबादी के अनुपात में अधिकार और हिस्सेदारी देने से भाजपा क्यों डर रही है.
उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की कवायद नहीं है, बल्कि सामाजिक न्याय और संसाधनों में न्यायपूर्ण हिस्सेदारी का आधार है. सही आंकड़ों के बिना आरक्षण, शिक्षा, रोजगार और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी नीतियां कैसे तय होंगी.
सदन से सड़क तक आंदोलन जारी रखने की बात
कांग्रेस ने कहा कि जिसकी जितनी संख्या, उसकी उतनी भागीदारी सामाजिक न्याय का मूल सिद्धांत है. पार्टी ने कहा कि ओबीसी की हिस्सेदारी को आंकड़ों से छिपाने की कोशिश स्वीकार नहीं की जायेगी. सामाजिक न्याय की इस मांग को लेकर कांग्रेस सदन से सड़क तक अपनी लड़ाई जारी रखेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए