पहले गेट पीटा, दरवाजा नहीं खुला तो ऊपर से कूदे; 8 लोगों पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

रांची के सुखदेवनगर में हथियारों से लैस आठ लोगों ने घर में घुसकर परिवार के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. अदालत के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज किया.

विज्ञापन

Ranchi Crime: सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के न्यू आनंद नगर रोड नंबर-3 में हथियारों से लैस आठ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगा है. मामले को लेकर पीड़ित विजय कुमार महतो (49) ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में परिवाद दाखिल किया था. अदालत के आदेश के बाद सुखदेवनगर थाना में कांड संख्या 315/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.

विज्ञापन

डिनर कर रहा था परिवार, तभी आई गेट पीटने की आवाज

परिवाद के मुताबिक, 17 अगस्त की रात करीब साढ़े दस बजे विजय कुमार महतो अपने परिवार के साथ घर में खाना खा रहे थे. इसी दौरान बाहर से गेट पीटने की आवाज आई. खिड़की से देखने पर घर के बाहर आठ-नौ लोग हथियारों के साथ खड़े दिखाई दिए. आरोप है कि दरवाजा नहीं खोलने पर आरोपी गेट के ऊपर से परिसर में दाखिल हो गए. इसके बाद दरवाजे की छिटकिनी तोड़कर घर के अंदर घुस गए. परिवाद में आरोप लगाया गया है कि घर में घुसने के बाद आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट और गाली-गलौज की.

ये भी पढ़ें- Medical Counseling: दूसरे राउंड का सीट अलॉटमेंट जारी, MBBS-BDS-BHMS में 287 छात्रों को मिली सीट

एक व्यक्ति को बाल पकड़कर बाहर निकालने का आरोप

परिवाद के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर कहा कि यही अंश वर्मा का घर है. इसके बाद एक व्यक्ति को बाल पकड़कर घर से बाहर निकालने का प्रयास किया गया. इस दौरान जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है. वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद पीसीआर वाहन मौके पर पहुंचा. पुलिस वाहन को देखते ही आरोपी वहां से भागने लगे. इसी दौरान पीसीआर टीम ने आलोक तिर्की को पकड़ लिया और उसे अपने साथ थाना लेकर गई.

थाने में शिकायत के बाद भी दर्ज नहीं हुआ केस

परिवाद में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में शिकायत की गई, लेकिन उस समय केस दर्ज नहीं किया गया. इसके बाद पीड़ित विजय कुमार महतो ने न्यायालय का रुख किया. जहां अदालत के आदेश के बाद सुखदेवनगर थाना में मामला दर्ज किया गया. आठ लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, आलोक तिर्की, अमित तिर्की (दोनों के पिता बबलू तिर्की), सौरभ कुमार उर्फ रितु, गुलशन शर्मा, विश्वजीत शर्मा, प्रियांक शर्मा और देव कुमार वर्मा समेत 8 लोगों को नामजद किया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- छतरपुर में मौसमी बीमारियों का बढ़ा प्रकोप, रोज 200 से 250 मरीज पहुंच रहे अस्पताल

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola