रांची में बोले गिरिराज सिंह : भारत में जो काम मुगल और अंग्रेज नहीं कर पाये, वही काम कर रहा राहुल गांधी और टुकड़े-टुकड़े गैंग

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 28 Dec 2019 5:01 PM

विज्ञापन

रांची : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय पशुपालन, मत्स्य एवं डेयरी विकास मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बड़ा हमला किया. उन्होंने कहा कि नागरिकता कानून से भारत के लोगों को कोई तकलीफ नहीं है. केवल कांग्रेस और देश के टुकड़े-टुकड़े गैंग को इससे समस्या है. नागरिकता […]

विज्ञापन

रांची : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय पशुपालन, मत्स्य एवं डेयरी विकास मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बड़ा हमला किया. उन्होंने कहा कि नागरिकता कानून से भारत के लोगों को कोई तकलीफ नहीं है. केवल कांग्रेस और देश के टुकड़े-टुकड़े गैंग को इससे समस्या है. नागरिकता संशोधन कानून (CAA) पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्री सिंह ने संवाददाताओं से यह बात कही.

गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने जो पाप किया है, भाजपा सरकार उसे धोने का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी देश में भ्रम फैलाकर डर का वातावरण बना रहे हैं. यह सब कांग्रेस की नीति का ही परिणाम है. श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने धर्म के आधार पर देश का विभाजन स्वीकार किया.

उन्होंने कहा कि विभाजन के बाद पाकिस्तान में बसे हिंदू, सिख, ईसाई, जैन, बौद्ध और पारसी समुदाय पर अत्याचार होते रहे. बहन-बेटियों की इज्जत लूटी गयी. भय दिखाकर जबरन धर्मांतरण कराया गया, जिसके परिणामस्वरूप इनकी आबादी 23 प्रतिशत से घटकर 3 प्रतिशत रह गयी.

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने प्रार्थना सभा में कहा था कि पाकिस्तान में बसने वाले हिंदू सहित अन्य अल्पसंख्यक समुदाय भारत के ही नागरिक थे. उनके भारत लौटने पर उनके साथ वैसा ही व्यवहार होना चाहिए, जैसा भारतीयों को मिलता है.

गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता पट्टाभि सीतारमैया, जेबी कृपलानी, पंडित जवाहर लाल नेहरू, अबुल कलाम आजाद ने भी इस बात को स्वीकार किया था. डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने नेहरू-लियाकत समझौते के विरोध में ही इस्तीफा दिया था. श्री सिंह ने कहा कि यूपीए सरकार ने भी नागरिकता कानून की बात की, लेकिन तुष्टिकरण के कारण बना नहीं सकी.

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नागरिकता कानून का समर्थन किया है. उन्होंने पाकिस्तान के तत्कालीन कानून मंत्री जगन्नाथ मंडल को याद करते हुए कहा कि कांग्रेस के तुष्टिकरण नीति का ही परिणाम है कि वे भारत में रिफ्यूजी की जिंदगी जीते-जीते इस दुनिया से चल बसे.

श्री सिंह ने कहा कि क्या कांग्रेस पार्टी को उत्पीड़न नहीं दिखाई देता? क्या कानून बनाने का उनका इरादा ढकोसला मात्र था. गिरिराज ने कहा कि क्या लोगों को पासपोर्ट बनवाने में, योजनाओं का लाभ लेने के लिए सरकार को आवश्यक जानकारियां नहीं देनी चाहिए? फिर आज वह भ्रम क्यों फैला रहे हैं.

श्री सिंह ने कहा कि सरकार ने योजनाओं के क्रियान्वयन में धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया. सबका साथ सबका विकास हमारा संकल्प है. ये ओवैसी जैसे लोग, जिनका भाई 15 मिनट में हिंदू मुक्त हिंदुस्तान बनाने की बात करता है.

उन्होंने कहा कि जो लोग राष्ट्र ध्वज का अपमान करते हैं, वही लोग भारत में अशांति फैलाने की साजिश कर रहे हैं. देश की जनता ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करेगी. इन्हें जनता मुंहतोड़ जवाब देगी. श्री सिंहने कहा कि जो लोग सोये हैं, उन्हें जगाया जा सकता है. जागे हुए को कोई नहीं जगा सकता.

एनपीआर की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह देश में पहली बार नहीं हो रहा. जानकारियों के आधार पर ही योजनाएं बनती हैं. डीबीटी के माध्यम से योजनाओं के अरबों रुपये बर्बाद होने से बचे तथा लाभ वास्तविक व्यक्ति तक पहुंचा.

श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस भ्रम और झूठ के सहारे देश को तोड़ना चाहती है. राहुल गांधी को यदि घुसपैठियों से ज्यादा प्रेम है, तो उन्हें इटली ले जायें. प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिरिराज सिंह के साथ रांची के सांसद संजय सेठ भी मौजूद थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola