रांची : राज्यपाल समेत नेताओं ने एके राय के निधन पर जताया शोक

Updated at : 22 Jul 2019 9:49 AM (IST)
विज्ञापन
रांची : राज्यपाल समेत नेताओं ने एके राय के निधन पर जताया शोक

रांची : मार्क्सवादी समन्वय समिति के संस्थापक व लोकप्रिय नेता एके राय के निधन पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने शोक जताया है. विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने कहा कि एके राय का निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है. स्व राय ने अपने को जीवन भर जन सरोकार से जोड़ कर रखा. वह हमेशा गरीबों […]

विज्ञापन
रांची : मार्क्सवादी समन्वय समिति के संस्थापक व लोकप्रिय नेता एके राय के निधन पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने शोक जताया है. विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने कहा कि एके राय का निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है. स्व राय ने अपने को जीवन भर जन सरोकार से जोड़ कर रखा.
वह हमेशा गरीबों और मजदूरों की आवाज बन कर रहे. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की. कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि श्री राय के निधन से झारखंड की राजनीति के एक युग का अवसान हो गया है. गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने धनबाद के सेंट्रल अस्पताल में जाकर उनके पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन को एकजुट करने के अगुवा के रूप में वे जाने जाते रहेंगे. वे ईमानदारी, निष्ठा व साफगोई की मिसाल थे. आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा कि एके राय झारखंड आंदोलन के प्रणेता थे़
मासस के संस्थापक और चिंतक स्व राय संघर्ष और ईमानदारी के प्रतीक रहे़ ताउम्र उन्होंने गरीबों, मजदूरों व झारखंडी विचारों के लिए संघर्ष किया़ भाकपा माले ने लाल सलाम के साथ एके राय को श्रद्धांजलि दी. पार्टी ने उनके सम्मान में अपने झंडे को झुका दिया है. माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि झारखंड व भारत के वाम और लोकतांत्रिक आंदोलन में एके राय का अहम योगदान रहा है. उनकी अनुपस्थिति हमारे लिए अपूरणीय क्षति है, वे हमारे लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे. भाकपा झारखंड राज्य परिषद ने एके राय ने निधन पर शोक जताया है. पार्टी के राज्य सचिव सह पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि झारखंड ने एक ईमानदार नेता और मजदूरों के मसीहा को खो दिया है.
उनके निधन से केवल मासस को ही नहीं, बल्कि पूरे वाम आंदोलन को अपूरणीय क्षति हुई है. एके रॉय की अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए सोमवार को महेंद्र पाठक, मजदूर नेता पीके पांडेय व कार्यालय सचिव अजय सिंह धनबाद जायेंगे. महासचिव प्रकाश विप्लव ने कहा कि उनके निधन से देश के मजदूर आंदोलन को क्षति हुई है.
वे हमेशा हमारे लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे. ऑल इंडिया पीपुल्स फोरम ने वामपंथी चिंतक व मजदूर नेता रहे पूर्व सांसद एके राय के निधन पर शोक जताया है. फोरम की झारखंड इकाई की कोर संचालन कमेटी के पूर्व विधायक विनोद सिंह, दयामनी बारला, प्रेमचंद मुर्मू, बशीर अहमद, जुगल पाल, नदीम खान, जेवियर कुजूर, दामोदर तुरी, अनिल अंशुमन ने कहा कि झारखंड के सभी जनसंघर्ष की ताकतों के वे प्रतीक थे.
जदयू नेताओं ने पूर्व सांसद एके राय, लोजपा सांसद रामचंद्र पासवान व दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन पर शोक जताया है. शोक जतानेवालों में प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू, अरुण कुमार, श्रवण कुमार, कृष्णानंद मिश्रा, भगवान सिंह, डॉ आफताब जमील, संजय सहाय, प्रेम कटारूका, रमेश सिंह आदि शामिल हैं. राजद झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने एके राय के निधन पर शोक जताया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola