तीसरे चरण का चुनाव 12 को, आज थम जायेगा प्रचार, दो सौ मीटर के दायरे में नहीं होगा पार्टियों का हेल्प डेस्क

Updated at : 10 May 2019 8:52 AM (IST)
विज्ञापन
तीसरे चरण का चुनाव 12 को, आज थम जायेगा प्रचार, दो सौ मीटर के दायरे में नहीं होगा पार्टियों का हेल्प डेस्क

चुनाव आयोग ने तीसरे चरण के मतदान की तैयारियों की समीक्षा की रांची : राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल खियांग्ते ने राज्य में तीसरे चरण के मतदान के लिए जमशेदपुर और पश्चिमी सिंहभूम में की गयी तैयारियों की समीक्षा की. पश्चिमी सिंहभूम में बैठक करते हुए श्री खियांग्ते ने कलस्टर, उपलब्ध सुविधाओं, दिव्यांग मतदाताओं […]

विज्ञापन
चुनाव आयोग ने तीसरे चरण के मतदान की तैयारियों की समीक्षा की
रांची : राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल खियांग्ते ने राज्य में तीसरे चरण के मतदान के लिए जमशेदपुर और पश्चिमी सिंहभूम में की गयी तैयारियों की समीक्षा की.
पश्चिमी सिंहभूम में बैठक करते हुए श्री खियांग्ते ने कलस्टर, उपलब्ध सुविधाओं, दिव्यांग मतदाताओं के लिए की गयी व्यवस्था, मतदान प्रक्रिया में प्रतिनियुक्त कर्मियों की संख्या व उनका प्रशिक्षण, इवीएम डिस्पैच, कम्यूनिकेशन प्लान, शैडो एरिया, वाहनों की जरूरत व उपलब्धता, बैलेट पेपर, मेटेरियल, आदर्श आचार संहिता व व्यय की जानकारी ली. कलस्टर में प्रतिनियुक्त कर्मियों व सुरक्षाबलों के लिए चिकित्सा सुविधा, पेयजल व शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया और सीविजिल एेप पर आनेवाली शिकायतों पर कार्रवाई करने को कहा. आवेदन अस्वीकृत करते समय कारण भी बतायें.
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय चौबे ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दलों या पार्टियों का हेल्प डेस्क मतदान केंद्र के दो सौ मीटर के दायरे के बाहर ही रखना सुनिश्चित किया जाये. पोलिंग पार्टियां पैदल ही मतदान केंद्र में जायेंगी. कलस्टर में चार्जिंग प्वाइंट भी लगाया जाये. कर्मियों का मोबाइल किसी भी परिस्थिति में डिस्चार्ज नहीं रहना चाहिए.
बैठक में पश्चिमी सिंहभूम व जमशेदपुर के निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त अरवा राजकमल व अमित कुमार ने जिला द्वारा की गयी तैयारियों के बारे में बताया. मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए किये जा रहे स्वीप कार्यक्रम की जानकारी दी. अधिकारियों ने आदर्श मतदान केंद्र को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिये. बैठक में आइएएस अधिकारी डॉ अमिताभ कौशल, आइजी ऑपरेशन आशीष बत्रा, पश्चिम सिंह के एसपी चंदन कुमार झा, जमशेदपुर एसपी अनूप बिरथरे, पश्चिमी सिंहभूम के डीडीसी आदित्य रंजन समेत सभी कोषांग के नोडल व पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.

रांची़ :तीसरे चरण का चुनाव 12 मई को, आज थम जायेगा प्रचार
रांची़ : राज्य में तीसरे चरण के चुनाव के लिए शुक्रवार को प्रचार थम जायेगा. इस चरण में 12 मई को गिरिडीह, धनबाद, जमशेदपुर और सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र के लिए वोट डाले जाने हैं. गिरिडीह सीट के लिए 15, धनबाद सीट के लिए 20, जमशेदपुर के लिए 23 और सिंहभूम सीट के लिए नाै प्रत्याशी अंतिम रूप से चुनावी मैदान में हैं. शुक्रवार की शाम चार बजे के बाद प्रचार का भोंपू थम जायेगा.
उसके बाद प्रत्याशियों को केवल डोर टू डोर जनसंपर्क की अनुमति होगी. 12 मई यानी रविवार की सुबह सात से दिन के चार बजे तक वोट डाले जायेंगे.
इसके पहले मॉक पोल होगा. चुनाव आयोग ने मॉक पोल के लिए प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं को सुबह छह बजे मतदान केंद्रों पर पहुंचने का निर्देश दिया है. शुक्रवार की शाम से ही पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना होने लगेंगी. शनिवार की शाम तक सभी पोलिंग पार्टियां निर्धारित मतदान केंद्रों तक पहुंच जायेंगी.
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल खियांग्ते ने कहा कि मतदान शुरू होने के एक घंटा पहले तक मतदान कर्मियों और मतदान अभिकर्ताओं को मतदान केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होना है. इसके बाद मॉक पोल की कार्यवाही की जायेगी. मॉक पोल के बाद मतदान शुरू किया जायेगा.
उन्होंने कहा कि मतदान की समाप्ति का समय शाम चार बजे तक है. हालांकि, चार बजे के पहले कतार में खड़े होने वाले मतदाताओं को मताधिकार से वंचित नहीं किया जायेगा. पीठासीन पदाधिकारी उनको अपने हस्ताक्षर के साथ पर्ची देकर मतदान की अनुमति देंगे. पीठासीन पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी अतिरिक्त व्यक्ति मतदान के लिए निर्धारित समय के बाद कतार में खड़ा नहीं हो.
रांची़ : झारखंड में दो चरण का चुनाव संपन्न हो गया है. तीसरे चरण का चुनाव 12 मई को होना है. वहीं चौथे चरण का चुनाव संताल परगना में 19 मई को होना है.
पहले दो चरण के चुनाव में यूपीए-एनडीए के कई स्टार प्रचारक का भाग्य इवीएम में कैद हो गया है. इसमें केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा, भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री सह झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी, कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय व कांग्रेस विधायक सुखदेव भगत के नाम शामिल हैं. इनका चुनाव पहले व दूसरे चरण में संपन्न हो गया. छह मई के बाद प्रत्याशी फुर्सत में आ गये हैं. अब ये लोग अपने सहयोगी के चुनाव प्रचार में जुट गये हैं.
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा 10 मई को धनबाद में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सभा करेंगे. यहां से भाजपा प्रत्याशी पीएन सिंह चुनाव मैदान में खड़े हैं. इसके बाद श्री मुंडा चुनाव प्रचार करने झारग्राम जायेंगे.
इधर, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी गुरुवार को चुनाव प्रचार करने दुमका पहुंचे. उन्होंने पिरराटोली मैदान जसपुर में चुनावी सभा को संबोधित किया. इसके बाद धनबाद के तोपचांची में चुनावी सभा को संबोधित किया. इसके बाद जमशेदपुर में महागठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया. संताल परगना में गोड्डा सीट पर झाविमो विधायक प्रदीप यादव चुनाव लड़ रहे हैं.
वहीं राजमहल व दुमका सीट पर झामुमो प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. श्री मरांडी संताल परगना में यूपीए प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने जायेंगे. इधर, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय व सुखदेव भगत सिंहभूम, जमशेदपुर और धनबाद में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार में जुटे हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola