27 से 30 सितंबर तक रांची में होगा साहित्यकारों का जुटान

Updated at : 01 Aug 2018 2:48 AM (IST)
विज्ञापन
27 से 30 सितंबर तक रांची में होगा साहित्यकारों का जुटान

लोकमंथन-2018 l कैबिनेट ने प्रस्ताव को दी मंजूरी, रांची के होटवार स्थित खेलगांव में होगा आयोजन रांची : झारखंड सरकार 27 सितंबर 30 सितंबर तक रांची के होटवार स्थित खेलगांव में ‘लोकमंथन-2018’ का आयोजन करेगी. पूरे आयोजन पर चार करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे. इस आयोजन में राष्ट्रीय स्तर पर साहित्यकारों, विचारकों और विद्ववानों को […]

विज्ञापन

लोकमंथन-2018 l कैबिनेट ने प्रस्ताव को दी मंजूरी, रांची के होटवार स्थित खेलगांव में होगा आयोजन

रांची : झारखंड सरकार 27 सितंबर 30 सितंबर तक रांची के होटवार स्थित खेलगांव में ‘लोकमंथन-2018’ का आयोजन करेगी. पूरे आयोजन पर चार करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे. इस आयोजन में राष्ट्रीय स्तर पर साहित्यकारों, विचारकों और विद्ववानों को आमंत्रित किया जायेगा. मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में पर्यटन कला संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के इस प्रस्ताव को स्वीकृति दी गयी. कैबिनेट विभाग के प्रधान सचिव एसकेजी रहाटे ने कहा कि सम्मेलन में कला, साहित्य एवं मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होगी.
इसमें देश के वर्तमान मुद्दों पर विचार-विमर्श एवं मनन चिंतन किया जायेगा. लोकमंथन-2016 मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित किया गया था. इसके बाद अब रांची में होने जा रहा है. इस आयोजन को सफल बनाने के लिए तीन कमेटियां बनायी गयी हैं.
स्वागत समिति : स्वागत समिति के गौरवाध्यक्ष मुख्यमंत्री रघुवर दास हैं. संरक्षकम मंडल में केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पर्यटन मंत्री अमर कुमार बाउरी व मेयर आशा लकड़ा शामिल किये गये हैं. अध्यक्ष केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति नंद कुमार इंदू हैं. उपाध्यक्ष एसएन ठाकुर व प्रो. दिगंबर हांसदा हैं.
सचिव विभागीय सचिव डॉ मनीष रंजन हैं. सदस्यों में डॉ रश्मि, अपर महाधिवक्ता हिमांशु मेहता, सीए रणजीत गाड़ोदिया, रांची विवि के कुलपति डॉ रमेश पांडेय, विनोबा भावे के कुलपति डॉ रमेश शरण, सिदो-कान्हू विवि के कुलपति डॉ मनोरजन प्रसाद सिन्हा, नीलांबर पीतांबर विवि के कुलपति एनएन सिंह, कोयलांचल विवि के कुलपति डॉ अंजनी श्रीवास्तव, बीएयू के कुलपति डॉ परमिंदर कौशल, आइआइएम के निदेशक डॉ शैलेंद्र सिंह, रिम्स के चिकित्सक डॉ हेमंत नारायण, पदमश्री सिमोन उरांव, उद्योगपति प्रदीप सोंथालिया, पद्मश्री गोपाल दुबे, पूर्व न्यायाधीश रमेश मेरठिया, शिक्षाविद मंजू गार्गी, सीसीएल के डीजीएम आलोक, महिला उद्यमी रेखा जैन, समाजसेवी उषा जालान, शिव सिंह व व्यवसायी विकास सिंह हैं.
आयोजन समिति : आयोजन समिति के अध्यक्ष अमर कुमार बाउरी होंगे. इसमें डॉ राजकुमार, प्रशांत विद्यार्थी, अमरकांत झा, डॉ श्रवण सिंह उपाध्यक्ष बनाये गये हैं. सचिव प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय संयोजक व लोकमंथन के महासचिव जे नंदकुमार बनाये गये हैं. समिति में राजीव कमल बिट्टू, मयंक रंजन, रणविजय(कोषाध्यक्ष), पुष्कर बाला, शर्मिला सोरेन, प्रीतम, ज्योति प्रकाश, सुशील अंकन, डॉ रामकेश पांडेय, संजय श्रीवास्तव, उमेश मिश्रा, अजय चट्टोराज, कंजीव लोचन, अखिलेश, डॉ ब्रजेश, रत्नेश व खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ भी हैं. वहीं, संचालन समित कला संस्कृति विभाग के अपर सचिव की अध्यक्षता में बनायी गयी है.
चार डिग्री कॉलेज की मंजूरी
कैबिनेट ने वित्तीय वर्ष 2018-19 में राज्य विधानसभा क्षेत्र जहां अंगीभूत/संबंद्ध महाविद्यालय नहीं है, में डिग्री स्तरीय महाविद्यालय की स्थापना की मंजूरी दी है. प्रत्येक महाविद्यालय के लिए 15 करोड़ 76 लाख 99 हजार 600 रुपये के प्राक्कलित राशि के दर पर चार डिग्री स्तरीय महाविद्यालय की स्थापना के लिए कुल राशि 63 करोड़ सात लाख 98 हजार 400 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी. ये डिग्री कॉलेज भवनाथपुर, छतरपुर, बरकट्ठा और महेशपुर में खुलेंगे.
कैबिनेट के अन्य फैसले
बोकारो जिला के अंचल चास में कुल 0.90 एकड़ भूमि कुल राशि 33 लाख 13 हजार 500 रूपये की अदायगी पर जगदीश-हल्दिया-बोकारो-घमरा गैस पाइप लाइन में आनेवाले सेक्शन लाइनिंग भाल्ब/इंटरमिडिएट पिंगिंग स्टेशन के निर्माण के लिए गेल (इंडिया) लिमिटेड को 30 वर्षों के लीज लीज बंदोबस्ती की स्वीकृति दी गयी.
कैबिनेट ने फैसला किया है कि अब डीएफएस नमक के स्थान पर फ्री फ्लो रिफाइंड आयोडीन युक्त नमक एक रुपये किलो की दर से वितरित किया जायेगा. कृषि विभाग के प्रस्ताव पर झारखंड राज्य में दुधारू पशुओं की नस्ल सुधार एवं दूध उत्पादन की क्षमता में वृद्धि लाने के लिए पूर्व से संचालित 1440 पुराने केंद्रों का सुदृढ़ीकरण एवं 1560 नये केंद्रों की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी है. यानी कुल 3000 कृत्रिम गर्भाधान केंद्रों का पांच वर्षों तक उनका संचालन शत-प्रतिशत राज्य सरकार के अनुदान पर निविदा के माध्यम से चयनित अभिकर्ता द्वारा कराये जाने की सैद्धांतिक स्वीकृति दी गयी है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola