गोला में रात में पत्नी से हुआ विवाद, सुबह ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत; परिवार में मातम
घटना के बाद रोते-बिलखते परिजन : प्रभात खबर
रामगढ़ जिले के गोला में बरकाकाना-मुरी रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान सिकंदर कुमार महतो के रूप में हुई है, जिसकी रात में पत्नी से कहासुनी हुई थी.
गोला से राजकुमार की रिपोर्ट
आपके शहर में
रामगढ़ जिले के गोला में बरकाकाना-मुरी रेलखंड के कमता बरवाटांड स्थित पोल संख्या 385 के समीप रविवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी. मृतक की पहचान रामगढ़ जिला अंतर्गत गोला प्रखंड के हुप्पू निवासी सिकंदर कुमार महतो उर्फ छाया (पिता स्व टुकन महतो) के रूप में हुई है.
रात में पत्नी से हुआ था विवाद
घटना की सूचना मिलने के बाद गोला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बताया जाता है कि शनिवार की रात सिकंदर कुमार महतो का किसी बात को लेकर पत्नी सरीता देवी के साथ विवाद हुआ था. विवाद के बाद उसने पत्नी को घर में ही बंद कर बाहर से ताला लगा दिया और नाराज होकर घर से निकल गया. रविवार सुबह परिजनों को उसके ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने की जानकारी मिली.
ये भी पढ़ें: राजहरा में दो ट्रेलरों की टक्कर, केबिन में फंसा चालक; काफी मशक्कत के बाद निकाला गया
सिर में गंभीर चोट लगने से मौत
मृतक अपने पीछे पत्नी सहित एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गया है. थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि ट्रेन के धक्के से सिकंदर गंभीर रूप से घायल हो गया था. उसके सिर के पीछे गंभीर चोट लगी थी. बताया गया कि उसने अपनी गंजी खोलकर जख्म को ढकने का प्रयास किया, लेकिन आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं होने के कारण समय पर इलाज नहीं मिल सका और उसकी मौत हो गयी.
पूर्व में कई बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था
परिजनों के अनुसार सिकंदर चालक का काम करता था. परिजनों ने यह भी बताया कि वह पूर्व में कई बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. हुप्पू पंचायत के मुखिया प्यारेलाल महतो एवं पूर्व मुखिया आनंद महतो, पंचायत समिति सदस्य सिकंदर शर्मा, उप मुखिया किशोर कुमार महतो सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए