नहीं थम रही बारिश! खोले गए पतरातू डैम के सभी 8 फाटक, आसपास के इलाकों में बाढ़ की संभावना

खोले गए पतरातू डैम के सभी 8 फाटक
Patratu Dam: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण पतरातू डैम का जलस्तर काफी अधिक बढ़ गया, जिसके बाद आज रविवार की सुबह पतरातू डैम के दो और फाटक खोले गये. अब कुल आठ फाटकों से जल निकासी की जा रही है. फाटकों के खुलने के बाद दामोदर नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका जतायी जा रही है.
Patratu Dam | पतरातू, अजय तिवारी: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जन-जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. पतरातू डैम का जलस्तर अप्रत्याशित रूप से बढ़ जाने पर कल शनिवार की देर रात प्रबंधन ने दो और फाटक खोल दिए थे और आज रविवार की सुबह दो और फाटक खोल दिए गए. मालूम हो 2 जुलाई से ही डैम से जल निकासी की प्रक्रिया जारी है. पहले चार फाटकों से पानी छोड़ा जा रहा था, लेकिन लगातार बारिश के कारण अब सभी आठ फाटकों को खोल दिया गया है, जिससे 8500 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है.
तेजी से बढ़ रहा डैम का जलस्तर
डैम प्रबंधन ने बताया कि डैम की मूल क्षमता 1332 आरएल थी, जिसे बाद में घटाकर 1330 आरएल कर दिया गया. फिलहाल 1328 आरएल पर जलस्तर को नियंत्रित रखने का प्रयास किया जा रहा है. प्रबंधन की टीम लगातार डैम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
झारखंड की ताजा खबरें यहां पढ़ें
आसपास के इलाकों में बाढ़ की संभावना
इधर फाटकों के खुलने के बाद दामोदर नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका जतायी जा रही है. रामगढ़ जिला प्रशासन ने दामोदर नदी से सटे निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की अपील की है. लोगों से नदी किनारे और डैम के आसपास अनावश्यक रूप से न जाने की हिदायत दी गयी है. संभावित आपदा से निपटने के लिए प्रशासन ने संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा है.
पानी में डूबी सड़कें
लगातार हो रही बारिश से पतरातू प्रखंड के लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. प्रखंड मुख्यालय, शहीद भगत सिंह चौक से रेलवे स्टेशन जाने वाले रास्ते में भारी जल जमाव हो गया है. इसी तरह पीटीपीएस कॉलोनी क्षेत्र के रोड नंबर 2 व 3 समेत कई सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे स्थानीय लोगों व राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. डैम से हो रहे जल निकासी और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने आमजनों को सतर्क रहने व आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें
Aaj Ka Mausam: 24 अगस्त को झारखंड के 15 जिलों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का येलो अलर्ट
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Dipali Kumari
नमस्कार! मैं दीपाली कुमारी, एक समर्पित पत्रकार हूं और पिछले 3 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. वर्तमान में प्रभात खबर में कार्यरत हूं, जहां झारखंड राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण सामाजिक, राजनीतिक और जन सरोकार के मुद्दों पर आधारित खबरें लिखती हूं. इससे पूर्व दैनिक जागरण आई-नेक्स्ट सहित अन्य प्रतिष्ठित समाचार माध्यमों के साथ भी कार्य करने का अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




