रामगढ़ में हाथियों का आतंक जारी, कई गांवों में घुसकर फसलें किया बर्बाद

हाथियों द्वारा क्षतिग्रस्त फसल | Prabhat Khabar Network
गोला वन क्षेत्र में जंगली हाथियों के झुंड ने फसलों को रौंदकर भारी नुकसान पहुंचाया है. परेशान किसानों ने वन विभाग से मुआवजे और सुरक्षा की मांग की है.
रामगढ़ः गोला वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. हाथियों का झुंड चार अलग-अलग दलों में बंटकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पात मचा रहा है. बीती रात हाथियों ने मक्का, धान का बिचड़ा, लौकी, मूंगफली, ओल, नेनुआ, बोदी सहित अन्य खरीफ फसलों को रौंदकर और खाकर बड़े पैमाने पर नष्ट कर दिया. इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है.
वन विभाग के अनुसार, 29 हाथियों का झुंड हेसापोड़ा जंगल में, 18 हाथियों का दल सुतरी जंगल में, नौ हाथी कुम्हरदगा जंगल में और तीन हाथी साड़म पंचायत के बड़की हेसल जंगल में डेरा डाले हुए हैं. रात होते ही ये हाथी जंगलों से निकलकर आसपास के गांवों में पहुंच रहे हैं और खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं.
बीती रात हाथियों ने हेसापोड़ा, परसाडीह, कोरांबे, रकुवा, लिपिया, बुटगोड़वा, गंधौनिया, सुतरी, रोला, चक्रवाली, कुम्हरदगा और बड़की हेसल समेत दर्जनों गांवों में उत्पात मचाया. इस दौरान रामदेव महतो, विनय महतो, सुदेश महतो, नागेश्वर महतो, मिथिलेश बेदिया, संगीता देवी सहित कई किसानों के खेतों में लगी फसलें बर्बाद हो गईं.
किसानों का कहना है कि लगातार हाथियों के हमलों से उनकी महीनों की मेहनत बर्बाद हो रही है. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने, प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने और हाथी प्रभावित गांवों में नियमित गश्ती बढ़ाने की मांग की है.
वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, रात के समय अकेले खेतों की ओर नहीं जाने और हाथियों के झुंड के पास जाकर उन्हें उकसाने से बचने की अपील की है. विभाग ने कहा कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










