पलामू के हरिहरगंज में इंजेक्शन लगाने के बाद महिला की मौत, दंत चिकित्सक फरार

Updated:
विज्ञापन

हरिहरगंज में क्लीनिक सील करते अधिकारी. फोटो: प्रभात खबर

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Palamu News: पलामू के हरिहरगंज में दंत क्लिनिक में इंजेक्शन लगाने के बाद महिला की मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी चिकित्सक फरार हो गया. प्रशासन ने क्लिनिक को सील कर जांच शुरू कर दी है. परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया है. पुलिस गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट

Palamu News: झारखंड में पलामू जिले के हरिहरगंज शहर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां दांत का इलाज कराने पहुंची 36 वर्षीय महिला बिजानी देवी की इंजेक्शन लगाने के बाद मौत हो गई. घटना मंगलवार दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है. महिला को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

विज्ञापन

जनता दंत क्लिनिक में हुआ हादसा

यह घटना हरिहरगंज के मेन रोड स्थित निजी बस स्टैंड के पास संचालित जनता दंत क्लिनिक में हुई. जानकारी के अनुसार, बिजानी देवी दांत के इलाज के लिए क्लिनिक पहुंची थी. दंत चिकित्सक डॉ. मोहम्मद अशरफ अली ने पहले इंजेक्शन देकर दांत निकाला, लेकिन दर्द अधिक होने पर एक और इंजेक्शन लगाया गया. इसके बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी.

लगातार उल्टी के बाद हालत हुई गंभीर

परिजनों के मुताबिक, इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद महिला को लगातार उल्टी होने लगी और उसकी स्थिति तेजी से खराब होती चली गई. घबराए परिजनों ने तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

आरोपी चिकित्सक क्लिनिक छोड़कर फरार

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ क्लिनिक और अस्पताल में जमा हो गई. लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. भीड़ बढ़ते देख दंत चिकित्सक डॉ. अशरफ अली क्लिनिक छोड़कर फरार हो गया. फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है.

प्रशासन ने क्लिनिक को किया सील

घटना के बाद हरिहरगंज पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी, सीओ मनीष कुमार सिन्हा और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गोपाल प्रसाद ने जांच के बाद क्लिनिक को सील कर दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है.

बिहार की रहने वाली थी महिला

मृतक महिला बिजानी देवी बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र के कासिमपुर गांव की निवासी थी. वह मुकेश चंद्र भारती की पत्नी थी. इलाज के दौरान हुई इस मौत से परिवार में मातम का माहौल है.

इसे भी पढ़ें: पत्नी ने पति को मारने के लिए खाने में मिलाया था जहर, शौहर की मौत के बाद चली गई जेल

गिरफ्तारी के प्रयास तेज

पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी दंत चिकित्सक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर लापरवाही की आशंका जताई जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.

इसे भी पढ़ें: सरायकेला में खापरसाई के स्कूल का छज्जा गिरने से तीन बच्चे घायल, ग्रामीणों में आक्रोश

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola