पलामू में स्वतंत्रता दिवस की धूम, शहर से लेकर सुदूरवर्ती इलाकों तक शान से लहराया तिरंगा
तिरंगा को सलामी देते प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय व अन्य अधिकारी | Prabhat Khabar Network
पलामू में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहरी और सुदूरवर्ती इलाकों में शान से तिरंगा फहराया गया और देशभक्ति के कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
मेदिनीनगर: राष्ट्रीय त्योहार स्वतंत्रता दिवस महोत्सव पलामू में हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया.जिले में स्वतंत्रता दिवस की धूम रही और सुदूरवर्ती इलाकों में भी शान से तिरंगा लहराया. इस राष्ट्रीय पर्व को लेकर जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में उल्लास और उत्साह का माहौल रहा. जिले वासियों ने देश भक्ति व राष्ट्र प्रेम के ज़ज्बा के साथ उत्साहित होकर आजादी का जश्न मनाया. खासकर युवाओं , बच्चों और महिलाओं में स्वतंत्रता दिवस महोत्सव को लेकर खासा उत्साह दिखा.
शान से फहराया राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा
जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी कार्यालयों, निजी संस्थानों के अलावा राजनीतिक, सामाजिक संगठनों के कार्यालयों, विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया.जिले में आन, बान और शान से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया. इस अवसर पर अधिकांश विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ और विद्यार्थियों ने देश भक्ति पर आधारित गीत, नृत्य, नाटक, भाषण प्रस्तुत किया. कई संगठनों ने तिरंगा यात्रा निकाला और राष्ट्रीय त्योहार धूमधाम से मनाया.
शांति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सक्रिय
जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय रहीं. जिले के सुदूरवर्ती इलाकों में भी राष्ट्रीय गीत और राष्ट्र गान गुंजायमान रहा. इधर जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के पुलिस स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन किया गया. शनिवार की सुबह 09 बजे मुख्य अतिथि राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी. इससे पूर्व मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया.
ये भी पढ़ें: मेदिनीनगर में 20 वर्षीय विवाहिता की मौत, पुलिस हिरासत में नशे में धूत पति
वीर शहीदों, नायकों, महापुरुषों को नमन
राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत करने के बाद ध्वजारोहण किया गया. इसके बाद सीएम उत्कृष्ट बालिका विद्यालय (केजी स्कूल)की छात्राओं ने राष्ट्र गान प्रस्तुत किया. समारोह के मुख्य अतिथि वित्त मंत्री श्री किशोर ने देश के वीर शहीदों, नायकों, महापुरुषों को नमन करते हुए पलामू वासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं. संबोधन के क्रम में राज्य के वित्त मंत्री श्री किशोर ने झारखंड सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों के बारे में बताया. साथ ही उन्होंने पलामू के विकास में आम नागरिकों से अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कराने की अपील किया.
ये भी पढ़ें: पलामू में 80वां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने फहराया तिरंगा
सरकारी विभागों के कार्यालय में झंडोत्तोलन
इसके बाद प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय, समाहरणालय सहित अन्य सरकारी विभागों के कार्यालय में झंडोत्तोलन हुआ. मौके पर प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय,डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, डीआईजी किशोर कौशल, एसपी कपिल चौधरी, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, एसडीओ संजय पांडेय, निगम के मेयर अरुणा शंकर, नगर आयुक्त रंजीत लाल,सिविल सर्जन डॉ अनिल श्रीवास्तव, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान सहित कई पदाधिकारी,राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के अलावा काफी संख्या में आम नागरिक मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










