पलामू के सतबरवा में फूड प्वाइजनिंग से 100 से अधिक ग्रामीण बीमार, शादी के भोज में गए थे खाने

फोटो कैप्शन: बीमारों को एमएमसीएच ले जाता एम्बुलेंस. फोटो: प्रभात खबर
Palamu News: पलामू के सतबरवा प्रखंड के बोहिता गांव में शादी के भोज के बाद फूड प्वाइजनिंग से 100 से अधिक ग्रामीण बीमार हो गए. कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. पीड़ितों का इलाज लेस्लीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और मेदिनीनगर में किया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर तैनात है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.
पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट
Palamu News: झारखंड के पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड स्थित बोहिता गांव के पोखर पार टोला में फूड प्वाइजनिंग की बड़ी घटना सामने आई है. शादी के भोज में शामिल होने के बाद 100 से अधिक ग्रामीण अचानक बीमार पड़ गए. बीमार लोगों में करीब 10 लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. गंभीर मरीजों को इलाज के लिए लेस्लीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और मेदिनीनगर भेजा गया है.
विद्यालय में बनाया गया अस्थायी उपचार केंद्र
ग्रामीणों की संख्या अधिक होने के कारण स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय पोखर पार टोला में अस्थायी इलाज केंद्र बनाया. यहां स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा पीड़ित ग्रामीणों का इलाज किया जा रहा है. कई मरीजों को विद्यालय के बरामदे में जमीन पर लिटाकर उपचार किया गया. अचानक इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
शादी के भोज में परोसा गया था भोजन
ग्रामीणों के अनुसार, पोखर पार टोला निवासी हरिशंकर चंद्रवंशी के घर बेटे की शादी थी. बुधवार को बारात के दिन दोपहर बाद गांव के लोगों को भोज कराया गया था. भोज में पूरी, सब्जी और बुंदिया परोसी गई थी. बताया जा रहा है कि बारात जाने के बाद भोज में शामिल लोगों की तबीयत धीरे-धीरे खराब होने लगी. रात बीतते-बीतते कई लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी.
सुबह तक 100 से अधिक लोग पड़े बीमार
गुरुवार सुबह तक स्थिति और गंभीर हो गई और 100 से अधिक ग्रामीण बीमार पड़ गए. इसके बाद गांव के लोगों ने जनप्रतिनिधियों और लेस्लीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम गांव पहुंची और तुरंत इलाज शुरू किया. गंभीर मरीजों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया.
जनप्रतिनिधि भी पहुंचे मदद के लिए
घटना की जानकारी मिलने के बाद कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग भी गांव पहुंच गए. राज्य स्तरीय दिशा कमेटी के सदस्य अवधेश सिंह चेरो ने बताया कि गांव में स्थिति काफी भयावह हो गई थी और लोग घबराए हुए थे. प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है.
इसे भी पढ़ें: कहां गया कृषि विभाग का 1.65 करोड़? पलामू में दफ्तर बनाने के लिए 15 साल पहले हुआ था आवंटित
राहत कार्य में जुटे कई लोग
मौके पर प्रखंड प्रमुख रीमा देवी के पति युगल किशोर राम, उप प्रमुख कामाख्या नारायण यादव, जिला परिषद सदस्य के पति सह विधायक प्रतिनिधि अजय उरांव, आशीष सिन्हा, सांसद प्रतिनिधि मनोज गुप्ता, विजय पाठक और धीरज कुमार सहित कई लोग राहत और इलाज कार्य में सहयोग कर रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार मरीजों की निगरानी कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
इसे भी पढ़ें: डेपुटेशन कैंसिल होते ही फुर्र हो गए पलामू के 11 टीचर, सात महीने बाद भी नहीं लौटे ऑरिजनल स्कूल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




