रोज हो रही है हरे पेड़ों की कटाई, ग्रामीणों ने लगायी गुहार
Published by : Akarsh Aniket Updated At : 22 Feb 2026 9:22 PM
रोज हो रही है हरे पेड़ों की कटाई, ग्रामीणों ने लगायी गुहार
हरिहरगंज. प्रखंड क्षेत्र के लादी स्थित बंका जंगल में इन दिनों अवैध रूप से हरे पेड़ों की कटाई धड़ल्ले से जारी है. ग्रामीणों की शिकायत है कि स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी लोग भी जंगल में प्रवेश कर हरे-भरे पेड़ों को काट रहे हैं, जिससे पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि प्रतिदिन सुबह और शाम के समय कुछ लोग जंगल में पहुंचकर हरे पेड़ों की कटाई कर रहे हैं. काटे गये पेड़ों को ले जाया जा रहा है. इससे जंगल का दायरा तेजी से सिमटता जा रहा है और वन्य जीवों के अस्तित्व पर भी खतरा मंडराने लगा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते रोकथाम नहीं की गयी, तो बंका जंगल पूरी तरह उजड़ सकता है. जंगल क्षेत्र आसपास के गांवों के लिए पर्यावरणीय संतुलन का प्रमुख आधार है. यही जंगल ग्रामीणों को स्वच्छ हवा, जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधन उपलब्ध कराता है. ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से तत्काल छापेमारी अभियान चलाने, नियमित गश्ती बढ़ाने तथा अवैध कटाई में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन करने को बाध्य होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










