हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा जोरकट, सावन की अंतिम सोमवारी पर निकली भव्य कलश यात्रा
कलश यात्रा में शामिल मुखिया व अन्य श्रद्धालु
पलामू के मेदिनीनगर में सावन की अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं ने भव्य कलश यात्राएं निकालीं. कोयल और औरंगा नदी से जल भरकर शिव मंदिरों में जलाभिषेक किया गया.
मेदिनीनगर, पलामू : पवित्र सावन माह की अंतिम सोमवारी पर जिले के विभिन्न स्थानों पर कलश यात्रा निकाली गयी. जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के रेड़मा श्रीराम पथ से भी श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा निकाली. श्रद्धालु बाजे-गाजे के साथ कोयल नदी के शिवाला घाट पहुंचे. वहां मां गंगे की पूजा-अर्चना कर कलश में जल उठाया और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ वापस शिव मंदिर पहुंचे. शिवालय में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया.
आपके शहर में
इधर, सदर प्रखंड के जोरकट में झारखंड होमगार्ड ट्रेनिंग सेंटर परिसर स्थित हनुमान मंदिर से कलश यात्रा निकाली गयी. चियांकी पंचायत की मुखिया बिंको उरांव, पूर्व जिला परिषद सदस्य अर्जुन सिंह, पंचायत समिति सदस्य अजीत सिंह, सदर थाना के एसआइ पंकज तिवारी और प्रखंड बीस सूत्री सदस्य प्रेम प्रकाश ठाकुर ने संयुक्त रूप से कलश यात्रा का शुभारंभ किया.
बाजे-गाजे के साथ निकली कलश यात्रा दुबियाखाड़ होते हुए औरंगा नदी पहुंची. श्रद्धालुओं ने वहां पूजा-अर्चना कर कलश में जल भरा और वापस मंदिर पहुंचे. हनुमान मंदिर में शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की तथा सुखमय जीवन की कामना की.
हर वर्ष होती है कलश यात्रा
पूर्व जिला परिषद सदस्य अर्जुन सिंह ने कहा कि प्रत्येक वर्ष सावन माह की अंतिम सोमवारी पर कलश यात्रा निकाली जाती है. इस तरह के धार्मिक आयोजनों से सामाजिक और धार्मिक परिवेश बेहतर होता है.
मुखिया बिंको उरांव ने कहा कि सावन माह में भगवान भोलेनाथ की महिमा बढ़ जाती है. महादेव अपने भक्तों पर हमेशा कृपादृष्टि रखते हैं और उनकी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं.
मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष चुली सिंह, बिनोद सिंह, रमेश सिंह, उमेश सिंह, अजय सिंह, शनि सिंह, कमेश सिंह, आशीष सिंह, देवदत्त उरांव, तुलसी सिंह, सोरेन उरांव, गिरवर सिंह, प्रदीप पासवान, रामू सिंह, अनुप सिंह, छोटू विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए