पलामू में दिनहदाड़े लूट, सीएसपी संचालक दंपति को गोली मार किया घायल

अस्पताल में इलाज के लिए जाती सीएसपी संचालक इसराफिल अंसारी की पत्नी शमा प्रवीण. फोटो: प्रभात खबर
Palamu News: पलामू के रामगढ़ थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक दंपति से तीन लाख नकद, लैपटॉप और सामान लूट लिया गया. विरोध करने पर अपराधियों ने पति को घायल किया और पत्नी को गोली मार दी. दोनों गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट
Palamu News: झारखंड के पलामू जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं. रामगढ़ थाना क्षेत्र के हुटार टेंपो स्टैंड के पास सीएसपी संचालक दंपति को निशाना बनाते हुए अपराधियों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. इस दौरान विरोध करने पर अपराधियों ने पति-पत्नी पर हमला कर दिया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.
तीन लाख नकद और सामान लूटकर फरार
घटना में अपराधियों ने करीब तीन लाख रुपये नकद, लैपटॉप और अन्य जरूरी सामान लूट लिया. बताया जा रहा है कि अपराधी बाइक पर सवार थे और पहले से घात लगाए बैठे थे. जैसे ही सीएसपी संचालक वहां पहुंचे, अपराधियों ने उन्हें रोककर लूटपाट शुरू कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
विरोध करने पर किया जानलेवा हमला
घायल सीएसपी संचालक इसराफिल अंसारी (52) ने बताया कि वे बरवाडीह से हुटार स्थित अपने सीएसपी केंद्र जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में दो बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और बैग छीनने की कोशिश की. जब उन्होंने विरोध किया तो अपराधियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान पिस्टल के बट से उनके सिर पर वार किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.
पत्नी को मारी दो गोलियां
घटना के दौरान इसराफिल अंसारी की पत्नी शमा प्रवीण भी उनके साथ थीं. अपराधियों ने उन पर भी रहम नहीं दिखाया और उनके पैर में दो गोलियां मार दीं. एक गोली जांघ में और दूसरी घुटने के नीचे लगी, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गईं. घटना के बाद दोनों को गंभीर हालत में इलाज के लिए बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.
गमछे से ढंके थे अपराधियों के चेहरे
पीड़ितों के अनुसार, दोनों अपराधियों ने अपने चेहरे गमछे से ढंके हुए थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया. वारदात के दौरान उन्होंने तेजी से हमला किया और लूट की घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए. पुलिस को दिए गए बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि सीएसपी संचालक से लूट की घटना हुई है और अपराधियों की पहचान के लिए छानबीन जारी है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: बोकारो पुलिस का नया कारनामा, गाली गलौज का ऑडियो वायरल
इलाके में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. लोग अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: पलामू में बनेगा झारखंड का मॉडल स्कूल, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने रखी आधारशिला
बढ़ते अपराध पर उठे सवाल
पलामू में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि पुलिस को गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके.
इसे भी पढ़ें: ओपन जेल में बुनियादी सुविधा की व्यवस्था पर हाईकोर्ट सख्त, निगरानी समिति गठन करने का दिया निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




