पलामू में 62.62 प्रतिशत हुआ मतदान

पलामू जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र में 62.62 प्रतिशत मतदान हुआ. जिले के शहरी व ग्रामीण इलाकों में शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान की प्रक्रिया संपन्न हुआ.
मेदिनीनगर. झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में बुधवार को पलामू जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान संपन्न हुआ. जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र के 1796 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान की प्रक्रिया चली. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी शशिरंजन ने जीएलए कालेज कैंपस में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पलामू जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र में 62.62 प्रतिशत मतदान हुआ. जिले के शहरी व ग्रामीण इलाकों में शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान की प्रक्रिया संपन्न हुआ. किसी भी क्षेत्र से मतदान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं है. उन्होंने कहा कि कुछ बूथों पर मॉकपोल के दौरान बैलेट यूनिट व कंट्रोल यूनिट में तकनीकी खराबी पायी गयी थी. इसकी सूचना मिलने पर तत्काल बदली की गयी. जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्र में चार बैलेट यूनिट, नौ कंट्रोल यूनिट व 21 वीवीपैट बदला गया. जबकि मतदान शुरू होने के बाद कई बूथों पर बैलेट यूनिट खराब होने की सूचना मिली थी. इसके बाद 13 बैलेट यूनिट बदली गयी. उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र के 1796 मतदान केंद्रों पर 2931 बैलेट यूनिट, 1796 कंट्रोल यूनिट व 1796 वीवीपैट का उपयोग किया गया. उन्होंने बताया कि हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र में तीन जगह पर वोट बहिष्कार होने की सूचना प्राप्त हुई थी. लेकिन अधिकारियों की टीम उस मतदान केंद्र पर पहुंची और लोगो को समझाकर वोटिंग शुरू करायी. डीसी ने बताया कि संबंधित बूथ पर अच्छी वोटिंग हुई. मतदाताओं ने उत्साह पूर्वक मतदान किया है. डीसी ने बताया कि पोस्टल बैलेट के माध्यम से प्रशासन के द्वारा जो मतदान कराया गया है. उसका प्रतिशत बढ़ेगा. शहर एवं आसपास के मतदान केंद्रों का इवीएम वज्रगृह में जमा हो रहा है. जिले के दूर दराज में स्थित मतदान केंद्र के इवीएम कलस्टर में रहेगा और उसे सुरक्षित गुरुवार की सुबह वज्रगृह में जमा किया जायेगा. डीसी ने बताया कि मतदान समाप्ति के बाद जो रिपोर्ट प्राप्त हुआ है उसके मुताबिक शाम पांच बजे तक विश्रामपुर विधानसभा में 62.63, छतरपुर विधानसभा में 60.88, डालटनगंज विधानसभा में 64.82, हुसैनाबाद विधानसभा में 59.04 व पांकी विधानसभा में 65.13 प्रतिशत मतदान हुआ है. मौके पर डीडीसी शब्बीर अहमद व डीपीआरओ डा असीम कुमार मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




