भाई की कलाई पर सजी प्यार की डोर, पाकुड़ में रक्षाबंधन की धूम

Updated:
विज्ञापन

भाई की कलाई पर राखी बांधती बहन | Prabhat Khabar Network

पाकुड़ में रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम से मनाया गया. बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी, भाइयों ने उपहार दिए. जानें पर्व की रौनक और खुशहाली.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, पाकुड़ : जिला मुख्यालय समेत प्रखंड मुख्यालयों में शुक्रवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. सुबह से ही घरों से लेकर बाजारों तक पर्व की रौनक नजर आयी. बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की, वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर जीवनभर उनकी रक्षा का संकल्प लिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

रोली-अक्षत से सजी थाली

रक्षाबंधन को लेकर सुबह से ही बाजारों में चहल-पहल रही. राखी और मिठाई की दुकानों पर लोगों की भीड़ जुटी रही. बहनों ने रोली, चंदन, अक्षत और मिठाई से पूजा की थाली सजायी. शुभ मुहूर्त में भाइयों का तिलक कर आरती उतारी और उनकी कलाई पर रंग-बिरंगी राखियां बांधीं. इसके बाद भाइयों का मुंह मीठा कराया गया.

भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनके चेहरे पर मुस्कान लाने की कोशिश की और हर सुख-दुख में साथ खड़े रहने का संकल्प लिया.

रक्षाबंधन का पर्व मना रहीं खुशी कुमारी, दुर्गा कुमारी और अक्षिता कुमारी ने कहा कि उन्हें हर साल रक्षाबंधन का बेसब्री से इंतजार रहता है. इस दिन भाई की कलाई पर राखी बांधने और उसके सुखी जीवन की कामना करने का अलग ही आनंद है. वहीं भाई भी बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हैं.

मंदिरों में भी उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

रक्षाबंधन के अवसर पर जिले के विभिन्न मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही. लोगों ने पूजा-अर्चना कर भगवान से परिवार और भाई-बहन के रिश्ते में सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की. कई स्थानों पर सामाजिक संगठनों की ओर से रक्षाबंधन मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया.

पूरे जिले में दिनभर रक्षाबंधन को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा. भाई-बहन के प्रेम और विश्वास से जुड़ी राखी की डोर ने रिश्तों में मिठास घोल दी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola