तेजस राजधानी में 42 किलो गांजा जब्त, मालदा में तीन तस्कर हिरासत में
जब्त गांजा एवं आरोपितों के साथ टीम. | Prabhat Khabar Network
मालदा में आरपीएफ-जीआरपी ने तेजस राजधानी एक्सप्रेस से 21 लाख का 42 किलो गांजा पकड़ा. तीन यात्री हिरासत में, अगरतला से भागलपुर ले जा रहे थे.
फरक्का : रेल मार्ग के जरिये मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर करीब 21 लाख रुपये मूल्य का 42.019 किलोग्राम संदिग्ध गांजा जब्त किया है. मामले में तीन आरोपित यात्रियों को हिरासत में लिया गया है.
आपके शहर में
खुफिया सूचना पर ट्रेन में चला तलाशी अभियान
यह कार्रवाई 25 और 26 अगस्त की मध्यरात्रि उस समय हुई, जब ट्रेन संख्या 20501 आनंद विहार टर्मिनल तेजस राजधानी एक्सप्रेस मालदा टाउन स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर पहुंची. खुफिया सूचना के आधार पर निगरानी कर रही टीम ने ट्रेन के बी-4 कोच में तलाशी अभियान चलाया.
तलाशी के दौरान एक ट्रॉली बैग और दो लगेज बैग में कई पैकेटों में छिपाकर रखा कुल 42.019 किलोग्राम संदिग्ध गांजा बरामद किया गया.
अगरतला से भागलपुर-जमालपुर ले जाने की बात
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि संदिग्ध आरोपी मादक पदार्थों को अगरतला से भागलपुर और जमालपुर ले जा रहे थे. बरामद गांजे का अनुमानित मूल्य करीब 21 लाख रुपये बताया गया है.
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
मालदा मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले में जीआरपीएस, मालदा टाउन द्वारा एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 20(बी)(ii)(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की जांच के लिए रिमांड की मांग की गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए