पाकुड़ पॉलिटेक्निक के इंडक्शन में पहुंचीं DC, जानें नए छात्रों को करियर संवारने के क्या दिए गुरुमंत्र

Updated:
विज्ञापन

कार्यक्रम में मौजूद छात्र व छात्राएं | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पाकुड़ पॉलिटेक्निक में नए सत्र के विद्यार्थियों के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित. उपायुक्त ने छात्रों को अनुशासन और कौशल विकास के लिए प्रेरित किया.

विज्ञापन

पाकुड़ : पाकुड़ पॉलिटेक्निक में शुक्रवार को नये सत्र में नामांकित विद्यार्थियों के स्वागत और संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, सुविधाओं, अनुशासन व रोजगार के अवसरों से परिचित कराने के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में उपायुक्त मेघा भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. उन्होंने विद्यार्थियों को तीन वर्ष के अध्ययन काल का बेहतर उपयोग कर अपने करियर की मजबूत नींव तैयार करने की सलाह दी.

विज्ञापन
दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करती उपायुक्त | Prabhat Khabar Network
दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करती उपायुक्त | Prabhat Khabar Network

पढ़ाई को दें पहली प्राथमिकता

उपायुक्त ने कहा कि कॉलेज के तीन वर्ष जीवन के महत्वपूर्ण और ऊर्जा से भरपूर वर्ष होते हैं. विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई, मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए. पढ़ाई को पहली प्राथमिकता देते हुए संस्थान की प्रयोगशालाओं, सुविधाओं और उपलब्ध संसाधनों का भरपूर लाभ उठाने की उन्होंने अपील की. उन्होंने इंटरनेट और डिजिटल प्लेटफॉर्म का सकारात्मक इस्तेमाल कर नयी तकनीक, शैक्षणिक सामग्री और नये कौशल सीखने पर जोर दिया.

नया कौशल सीखने पर जोर

उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ कम से कम एक नया कौशल विकसित करने तथा पियर लर्निंग को बढ़ावा देने की बात कही. घर से पहली बार दूर आये विद्यार्थियों को होम सिकनेस से घबराने के बजाय नये माहौल को सीखने और आगे बढ़ने का अवसर मानने की सलाह दी.

नशे से दूर रहने की अपील

उपायुक्त ने विद्यार्थियों को देश की युवा शक्ति बताते हुए पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य और खेलकूद पर ध्यान देने को कहा. उन्होंने नियमित शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशे और अन्य हानिकारक आदतों से दूर रहने की अपील की. आधुनिक सोच के साथ संस्कृति, संस्कार और गुरुजनों के सम्मान को बनाए रखने पर भी जोर दिया.

अभिभावकों की उम्मीदों पर खरा उतरें

उप निदेशक आलोक कुमार ने विद्यार्थियों को अच्छी संगति अपनाने और नशे से दूर रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि अभिभावक कठिन परिस्थितियों में बच्चों की शिक्षा के लिए मेहनत करते हैं, इसलिए विद्यार्थियों को उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए ईमानदारी से पढ़ाई करनी चाहिए. विषयों को समझने में परेशानी होने पर शिक्षकों से सवाल पूछने और हॉस्टल के स्टडी आवर का सदुपयोग करने की बात कही.

रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास

निदेशक अमिया रंजन बड़ाजेना ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रायोगिक प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है. उन्होंने कहा कि पाकुड़ पॉलिटेक्निक के विद्यार्थी देश की विभिन्न कंपनियों और संस्थानों में कार्यरत हैं. स्थानीय प्रतिभाओं को तकनीकी शिक्षा देकर रोजगार से जोड़ना संस्थान का प्रमुख उद्देश्य है.

दस वर्ष पूरे कर चुका संस्थान

प्राचार्य डॉ. सुषमा यादव ने बताया कि वर्ष 2016 में स्थापित पाकुड़ पॉलिटेक्निक ने दस वर्ष पूरे कर लिये हैं. संस्थान में डिप्लोमा इंजीनियरिंग के साथ वर्ष 2023 से बीसीए की पढ़ाई भी संचालित है. उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित कक्षाओं में उपस्थिति, अनुशासन और समय के सदुपयोग के साथ अपनी प्रतिभा व कौशल को निखारने की अपील की. कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola