खान-खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में झामुमो का हल्लाबोल, 19 को धरना की तैयारी
बैठक करते विधायक स्टीफन मरांडी व झामुमो कार्यकर्ता | Prabhat Khabar Network
झामुमो ने खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 का विरोध करते हुए 19 सितंबर को प्रखंड मुख्यालय में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन की घोषणा की है. महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि यह विधेयक राज्यों के संवैधानिक अधिकारों को कमजोर करता है.
पाकुड़िया : पाकुड़िया स्थित झामुमो प्रखंड कार्यालय में मंगलवार को प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा की अध्यक्षता में प्रखंड समिति की आपातकालीन बैठक हुई. बैठक में आगामी 19 सितंबर को प्रखंड मुख्यालय में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में प्रस्तावित एक दिवसीय धरना प्रदर्शन को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गयी. बैठक में महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे और बुद्धिजीवी मोर्चा के जिला अध्यक्ष देबीलाल हंसदाक मुख्य रूप से शामिल हुए.
राज्यों के अधिकार कमजोर होने का आरोप
विधायक स्टीफन मरांडी ने कहा कि खान एवं खनिज संशोधन विधेयक राज्यों के संवैधानिक अधिकारों को कमजोर करने वाला है. झारखंड खनिज आधारित राज्य है और खनन से मिलने वाले राजस्व का राज्य के विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं में महत्वपूर्ण योगदान है. उन्होंने कहा कि विधेयक वापस लेने की मांग को लेकर झामुमो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा.
गांव-गांव जनसंपर्क की अपील
विधायक ने कार्यकर्ताओं से हाट-बाजार और गांवों में जनसंपर्क कर 19 सितंबर के धरना में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की.
जल, जंगल, जमीन और खनिज पर जोर
जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे ने कहा कि जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा पर राज्य की जनता का हित सर्वोपरि है. प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा ने पंचायत स्तर पर बैठक और जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया.
शांतिपूर्ण आंदोलन का आह्वान
देबीलाल हंसदाक ने धरना को शांतिपूर्ण और व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की बात कही. बैठक में झामुमो के पंचायत पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए