किसानों के मुद्दों पर हेमंत सरकार के खिलाफ भाजपा का धरना

किसानों के मुद्दों पर हेमंत सरकार के खिलाफ भाजपा का धरना
किस्को. भाजपा ने मंगलवार को किस्को प्रखंड मुख्यालय के समीप एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने किसानों की ज्वलंत समस्याओं से संबंधित 12 सूत्री मांग पत्र राज्यपाल के नाम बीडीओ को सौंपा. भाजपा नेताओं ने हेमंत सरकार पर किसान विरोधी नीतियों और वादाखिलाफी का आरोप लगाया. नेताओं ने कहा कि चुनाव पूर्व महागठबंधन सरकार ने किसानों से धान का 3200 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य, मुफ्त बिजली और किफायती खाद-बीज का वादा किया था, जो अब तक अधूरा है. सौंपे गये ज्ञापन में धान का समर्थन मूल्य 3200 रुपये करने, बकाया राशि का अविलंब भुगतान करने, ओलावृष्टि से हुए फसल नुकसान का मुआवजा देने, मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना पुनः शुरू करने, सिंचाई की समुचित व्यवस्था करने, कोल्ड स्टोरेज के निर्माण और 450 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग शामिल है. कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि 48 घंटे में भुगतान का दावा करने वाली सरकार ने महीनों बाद भी करोड़ों का भुगतान नहीं किया है. मुख्यमंत्री के निर्वाचन जिले में ही 266 रुपये वाली यूरिया 800 रुपये में बिक रही है. पीडीएस नमक तक की कालाबाजारी हो रही है. मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गयी. इस मौके पर काफी संख्या में भाजपा के नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे़
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










