अकीदत के साथ संपन्न हुई बकरीद की नमाज, मुल्क में अमन-चैन की मांगी दुआ
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 28 May 2026 9:05 PM
अकीदत के साथ संपन्न हुई बकरीद की नमाज, मुल्क में अमन-चैन की मांगी दुआ
लोहरदगा. लोहरदगा जिले में त्याग, समर्पण व अकीदत का त्योहार ईद-उल-अजहा (बकरीद) शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया. इस मौके पर मुस्लिम धर्मावलंबियों में सुबह से ही खासा उत्साह देखा गया और लोग निर्धारित समयानुसार शहरी क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में जुटने लगे. नमाज अदा करने के बाद अकीदतमंदों ने सामूहिक रूप से हाथ उठाकर देश-दुनिया की तरक्की, खुशहाली और अमन-चैन के लिए विशेष दुआएं मांगी, इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी. चार जमातों में नमाज संपन्न : नगर क्षेत्र में कुल चार जमातों में नमाज संपन्न हुई. पहली जमात सुबह 6:30 बजे मस्जिद-ए-अहसनी और मस्जिद-ए-रशीद में अदा की गयी. इसके बाद दूसरी जमात सुबह 7:00 बजे जामा मस्जिद और बेलाल मस्जिद को छोड़कर शहर की बाकी सभी मस्जिदों में हुई. तीसरी मुख्य जमात सुबह 8:00 बजे ईदगाह में अदा की गयी, जिसकी इमामत जामा मस्जिद के इमाम मौलाना कारी शमीम रिजवी ने की. वहीं, चौथी और आखिरी जमात सुबह 8:15 बजे जामा मस्जिद में हाफिज मेराज आलम और बेलाल मस्जिद में हाफिज अब्दुल हामिद ने संपन्न करायी. नमाज के बाद लोगों ने अपने-अपने घरों में पारंपरिक तरीके से कुर्बानी की रस्म अदा की, जबकि ईदगाह के समीप लगे मेले में बच्चों ने जमकर मस्ती की. सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक बंदोबस्त किये थे. शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहे, जबकि एसडीओ और एसडीपीओ खुद मुस्तैद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करते नजर आयें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










