कैरो में हर्षोल्लास से मना बकरीद का त्योहार
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 28 May 2026 10:02 PM
कैरो में हर्षोल्लास से मना बकरीद का त्योहार
कैरो. कैरो प्रखंड क्षेत्र में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. सुबह प्रखंड के विभिन्न ईदगाहों व मस्जिदों में विशेष नमाज अदा कर देश-दुनिया में सुख-शांति और भाईचारे की दुआ मांगी गयी. मुख्य आयोजन कैरो ईदगाह में हुआ, जहां कैरो, उतका, नवाटोली, सढ़ाबे और चाल्हो सहित विभिन्न गांवों के बच्चे, युवा व बुजुर्ग एक साथ नमाज में शामिल हुए. इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी और घरों में कुर्बानी की रस्म अदा की. मौके पर इमाम मौलाना नूरुल हसन ने कहा कि बकरीद त्याग, बलिदान और परहेजगारी का त्योहार है. हमें पैगंबर हजरत इब्राहिम के बताये मार्ग पर चलकर जीवन बिताना चाहिए, तभी कामयाबी मिलेगी. त्योहार को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. सभी इबादतगाहों और संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहे, जबकि वरीय पदाधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर चौकसी बरतते दिखे. कुड़ू में बकरीद का त्योहार अमन व शांति के साथ संपन्न
कुड़ू. प्रखंड क्षेत्र में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार अमन व शांति के साथ संपन्न हो गया. इस मौके पर विभिन्न ईदगाहों व मस्जिदों में नमाज अदा कर देश-राज्य में अमन-चैन बहाली की सामूहिक दुआ मांगी गयी. कुड़ू जामा मस्जिद में इमाम मौलाना हसीब कासमी ने बकरीद की मुख्य नमाज अदा करायी. इसके अलावा सुंदरू, पंडरा, चंडू, लावागाई, चीरी, मकांदू, उडुमुड़ू बारीडीह, ककरगढ़, लापुर, छोटकी चांपी, हुदहुद, हेंजला सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों की मस्जिदों व ईदगाहों में भी बकरीद की नमाज अदा की गयी. त्योहार को लेकर प्रखंड क्षेत्र में प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










