चैत नवरात्र के साथ ही रामनवमी का उत्साह, अखाड़ों में गूंजने लगा डंका

चैत नवरात्र के साथ ही रामनवमी का उत्साह, अखाड़ों में गूंजने लगा डंका
कुड़ू. चैत नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र में रामनवमी का खुमार चढ़ने लगा है. देवी मंडप व बजरंग बली मंदिर की साज-सज्जा पूरी कर ली गयी है. गुरुवार से नवरात्र शुरू होने के पूर्व बुधवार शाम को ही युवाओं और रामनवमी संचालन समिति द्वारा मंदिरों की साफ-सफाई व रंगाई-पुताई के बाद विधिवत महावीरी झंडा का पूजन कर उसे स्थापित किया गया. शहरी क्षेत्र में झंडा लगाने के साथ ही अखाड़ों में डंका बजने लगा है. डंका की धुन पर लाठी, बाना, फरसा और तलवार समेत अन्य अस्त्र-शस्त्रों की पूजा-अर्चना की गयी. मंगल पाठ और आरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ. इसके बाद कलाकारों ने देर रात तक अखाड़ों में अपनी प्रतिभा की जमकर नुमाइश की. हनुमान संघ रामनगर, केंद्रीय महावीर मंडल बस स्टैंड, लक्ष्मी नगर, नीचे स्टैंड, ब्लॉक मोड़ और बजरंग दल बाजारटांड़ समेत आधा दर्जन अखाड़ों में खिलाड़ी एक से बढ़कर एक खेल का प्रदर्शन कर रहे हैं. अखाड़े में डंका की धुन पर युवाओं का उत्साह देखते बन रहा है. केन्द्रीय रामनवमी मेला संचालन समिति की बैठक संपन्न
सेन्हा. मुर्की तोड़ार पंचायत के बाजार डांडू में योगेंद्र मिश्रा की अध्यक्षता में केंद्रीय मेला संचालन समिति की बैठक हुई. इसमें रामनवमी मेले को भव्य बनाने और शांतिपूर्ण आयोजन पर चर्चा की गयी. समिति ने घोषणा की कि सर्वश्रेष्ठ अखाड़ा, वाद्ययंत्र, खेल और सजावट के लिए पुरस्कार दिये जायेंगे. पदाधिकारियों ने अखाड़ों से पारंपरिक हथियारों के साथ समय पर पहुंचने की अपील की. नशाखोरों और उपद्रवियों से निपटने के लिए विशेष कमेटी गठित की गयी है. मौके पर नारायण भगत, दिनेश यादव, सूर्यभूषण मिश्रा, देवप्रताप यादव और गंगाधर नायक सहित कई अखाड़ा सदस्य मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




