लातेहार में 42 मतदाताओं के नाम हटाने का मामला, ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की उठायी मांग
प्रपत्र दिखाते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
झारखंड के महुआडांड़ में मतदाता सूची से 42 लोगों के नाम हटाने की कोशिश पर ग्रामीणों ने विरोध जताया है. मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है.
महुआडांड़ (लातेहार). एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित हो गई है. इसी सूची में मनिका विधानसभा क्षेत्र के महुआडांड़ अनुमंडल के गड़बूढ़नी पंचायत के पहाड़कापू गांव के बूथ संख्या 317 पर 42 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 जमा किए जाने का मामला सामने आया है.
आपके शहर में
मतदाताओं के गांव में नहीं रहने का दिया गया हवाला
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रपत्र-7 में यह अनुशंसा की गयी है कि संबंधित मतदाता पते पर मौजूद नहीं हैं अथवा स्थानांतरित हो गए हैं, इसलिए उनके नाम हटा दिए जाएं. मामले की जानकारी मिलने के बाद पहाड़कापू अंजुमन कमेटी के सदर हदीस अंसारी की अध्यक्षता में ग्रामीणों की बैठक हुई.
ये भी पढ़ें: टीबी मरीजों की मदद को आगे आए कोडरमा के जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, दो मरीजों को लिया गोद
ग्रामीणों ने कहा- लोकतंत्र के लिए खतरनाक
बैठक में कांग्रेस मंडल अध्यक्ष नुरूल अंसारी, कांग्रेस एसटी जिला अध्यक्ष अजीत पाल कुजूर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि इस तरह की हरकतें लोकतंत्र के लिए खतरनाक हैं. ग्रामीणों ने एकजुट होकर इस मुद्दे पर अपनी आवाज उठाने का संकल्प लिया.
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाये जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की. ग्रामीणों ने महुआडांड़ एसडीओ को आवेदन देने की बात कही.
मुखिया बोलीं- गांव में ही रहते हैं सभी 42 मतदाता
मुखिया रेणु तिग्गा ने कहा कि सभी 42 मतदाता गांव में ही रहते हैं. बीएलओ अनीमा खलखो ने बताया कि ग्राम प्रधान व भाजपा बूथ सदस्य जोगेंद्र खेरवार द्वारा प्रपत्र-7 के फॉर्म दिये गये थे. फॉर्म देखने के बाद उन्हें पता चला कि ये मतदाता का नाम हटाने से संबंधित हैं. इसलिए उन्होंने फॉर्म जमा नहीं किया और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी.
ये भी पढ़ें: हजारीबाग में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, गुपचुप-चाट में मिला औद्योगिक रंग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए