अनियंत्रित होकर बाइक से टकराया ट्रक, बाइक सवार जीजा-साले की दर्दनाक मौत

झारखंड के चंदवा में एनएच-75 पर ट्रक और बाइक की टक्कर में जीजा-साले की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रक पलटने से दोनों युवक उसके नीचे दब गए थे।
चंदवा़ एनएच-75 पर चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवा टोली के समीप गुरुवार की सुबह भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गयी. मृतकों में टिकू भुइयां पिता नरेश भुइयां (महाबीर नगर बुकबुका, खलारी-रांची) और मिथुन भुइयां पिता बुतरू भुइयां (ग्राम सलगी-चांपी, लोहरदगा) शामिल हैं. दोनों आपस में जीजा-साला थे. अंत्यपरीक्षण के बाद शव घर तक पहुंचाने के लिए विधायक प्रतिनिधि विजय दुबे ने पहल की. सीएस से दूरभाष पर बात कर शव वाहन उपलब्ध कराया. इधर, मृतकों के परिजन भी चंदवा पहुंच गये थे. इस घटना के बाद से उनका रो-रोकर बुरा हाल था. दोनों परिवार में मातम पसरा है.
कैसे हुई घटना ?
जानकारी के अनुसार एक ट्रक (जेएच13ई-0395) डालटनगंज से चंदवा की ओर आ रहा था. वहीं, बाइक (जेएच13के-1771) पर सवार होकर जीजा-साला लातेहार की ओर जा रहे थे. उक्त स्थान पर अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया और दूसरे लेन में जाकर सामने से आ रहे बाइक को जोरदार धक्का मार दिया. इसके बाद ट्रक बाइक पर ही पलट गया. इससे दोनों बाइक सवार ट्रक के नीचे दब गये. घटना के बाद यहां अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों ने दोनों को बचाने का काफी प्रयास किया, पर सफलता नहीं मिली. पुलिस के आने के बाद हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक को हटाया गया. तब जाकर दोनों शव बाहर निकल पाये. पुलिस ने अग्रतर कार्रवाई करते हुए शव को अंत्यपरीक्षण के लिए लातेहार भेज दिया. हादसे के वक्त कुछ समय तक एनएच-75 पर यातायात प्रभावित रहा. पुलिस वाहन जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










