चंदवा में चोरों का आतंक, माओवादी कमांडर रविंद्र गंझू के घर समेत स्कूल में चोरी
स्कूल से समरसेबल पंप की चोरी. | Prabhat Khabar Network
झारखंड के चंदवा में गिरफ्तार नक्सली कमांडर रविंद्र गंझू के घर और स्कूल में चोरी, पुलिस मामले की जांच में जुटी।
लातेहार: थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे आम लोग परेशान हैं। ताजा मामला लाधूप पंचायत के हेसला-बांझीटोला गांव का है, जहां हाल ही में गिरफ्तार माओवादी रीजनल कमांडर रविंद्र गंझू के घर में चोरों ने हाथ साफ कर दिया। इसके अलावा उत्क्रमित मध्य विद्यालय हेसला परिसर से भी समरसेबल पंप सेट चोरी कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात अज्ञात चोरों ने रविंद्र गंझू के हेसला स्थित घर का ताला तोड़कर एलईडी टीवी और बड़ी बैटरी चोरी कर ली। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में चर्चा का माहौल बन गया।
वहीं, दूसरी घटना उत्क्रमित मध्य विद्यालय हेसला में हुई। चोर विद्यालय परिसर में लगे समरसेबल पंप सेट को उखाड़कर ले गए। मोटर चोरी होने से विद्यालय में पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो गयी है। इससे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गांव पहुंचकर विद्यालय और रविंद्र गंझू के घर का निरीक्षण किया। विद्यालय की शिक्षिका अनुराधा सिंह ने समरसेबल पंप चोरी को लेकर पुलिस को लिखित आवेदन देकर चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। इसकी सूचना बीआरसी कार्यालय को भी दी गयी है।
रविंद्र गंझू की पत्नी ललिता देवी ने पुलिस को बताया कि चोरों ने घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने परिजनों और विद्यालय परिवार से जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा कर लिया जाएगा। वहीं, ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










