बेतला में मुख्य प्रवेश द्वार निर्माण के लिए ग्रामीणों ने विधायक को सौंपा आवेदन
विधायक को आवेदन देते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
बेतला के ग्रामीणों ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्य मार्ग पर भव्य प्रवेश द्वार बनाने की मांग की है। विधायक को सौंपा गया ज्ञापन।
बेतला से संतोष कुमार की रिपोर्ट लातेहार. जिले के बरवाडीह प्रखंड अंतर्गत प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बेतला के ग्रामीणों ने क्षेत्र के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पहल की है. बुधवार को ईद ए मिलादुन्नबी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक को लिखित आवेदन सौंपकर गांव के मुख्य मार्ग पर आकर्षक और स्थायी प्रवेश द्वार यानी वेलकम गेट का निर्माण कराने की मांग की.
आपके शहर में
पर्यटन स्थल के अनुरूप बने भव्य प्रवेश द्वार
विधायक को सौंपे गये आवेदन में ग्रामीणों ने कहा है कि बेतला क्षेत्र अपनी प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन महत्व के लिए प्रसिद्ध है. इसके बावजूद गांव के मुख्य प्रवेश मार्ग पर अब तक कोई स्थायी और आकर्षक प्रवेश द्वार नहीं बनाया गया है. ग्रामीणों का मानना है कि बेतला के मुख्य मार्ग पर भव्य वेलकम गेट का निर्माण होने से गांव की अलग पहचान बनेगी और यहां आने वाले पर्यटकों के बीच भी क्षेत्र की बेहतर छवि बनेगी.
ग्रामीणों ने कहा कि प्रवेश द्वार केवल गांव के विकास का प्रतीक नहीं होगा, बल्कि बेतला की पर्यटन पहचान और स्थानीय लोगों के गौरव से भी जुड़ा होगा. इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
विधायक निधि से योजना स्वीकृत करने की अपील
ग्रामीणों ने विधायक से आग्रह किया है कि वेलकम गेट निर्माण की योजना को विधायक निधि अथवा किसी अन्य उपयुक्त सरकारी योजना के माध्यम से जल्द स्वीकृति दिलायी जाये. ग्रामीणों ने कहा कि प्रवेश द्वार का निर्माण बेतला के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है. आवेदन में नियामत अली अंसारी, परवेज आलम, नय्यर आजम, नाजीर अंसारी, बहाउद्दीन अंसारी, शमशाद अली समेत दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर और सहमति शामिल है. ग्रामीणों ने उम्मीद जतायी कि जनभावनाओं को देखते हुए विधायक उनकी मांग पर सकारात्मक पहल करेंगे.
ये भी पढ़ें: केंद्र सरकार झारखंड राज्य को पूंजीपतियों के हाथों बेचना चाह रही है : विधायक रामचंद्र सिंह
विकास और पर्यटन दोनों को मिलेगा लाभ
ग्रामीणों का कहना है कि बेतला में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं. ऐसे में मुख्य प्रवेश मार्ग पर आकर्षक वेलकम गेट बनने से क्षेत्र को पर्यटन स्थल के अनुरूप एक नई पहचान मिल सकती है. प्रवेश द्वार पर बेतला की पहचान और स्थानीय विशेषताओं को प्रदर्शित करने की भी संभावना होगी, जिससे आने वाले पर्यटकों को क्षेत्र के बारे में जानकारी मिल सकेगी.
ये भी पढ़ें: सावन में बेतला के जंगल में गूंज रही मोरों की पिहू-पिहू, याद आ रही रफी-जॉनी वॉकर की मुलाकात
कार्यक्रम में कई लोग रहे मौजूद
आवेदन सौंपने के दौरान अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष नसीम अंसारी, सईद अंसारी, हलीम अंसारी, मौलाना शेखावत, हसीब अंसारी, डॉ. आलम, नजीबुल्लाह अंसारी समेत कई लोग मौजूद थे. ग्रामीणों ने कहा कि बेतला के विकास के लिए आगे भी सामूहिक रूप से प्रयास किये जायेंगे और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी मांगों को जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखा जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए