तीन बजे सुबह बंद मिला आयुष्मान आरोग्य मंदिर, गर्भवती व परिजन रहें परेशान

तीन बजे सुबह बंद मिला आयुष्मान आरोग्य मंदिर, गर्भवती व परिजन रहें परेशान
चंदवा़ प्रखंड में अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचने का दावा शनिवार की तड़के खोखला साबित होता दिखा. शनिवार तड़के एक गर्भवती आयुष्मान आरोग्य मंदिर, चकला के बाहर करीब तीन घंटे तक तड़पती रही. उक्त आरोग्य मंदिर के बंद होने के कारण गर्भवती व उनके परिजन बड़े परेशान हुए. गर्भवती के परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाये हैं. परिजनों ने बताया कि सोनिया देवी पति बबलू गंझू (चकला, चंदवा) प्रसव पीड़ा से पीड़ित थी. शनिवार तड़के करीब तीन बजे गंभीर स्थिति में परिजन उसे लेकर आयुष्मान आरोग्य मंदिर, चकला पहुंचे. उस वक्त यहां ताला लगा था. उनलोगों ने यहां कार्यरत एएनएम रंजू कुमारी का करीब तीन से चार घंटे इंतजार किया. उक्त आरोग्य मंदिर बंद होने की जानकारी विधायक के स्वास्थ्य प्रतिनिधि विजय दुबे को दी. श्री दुबे ने तत्काल इसकी सूचना प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ नीलिमा को दी. डॉ नीलिमा ने तत्काल मामले पर संज्ञान लिया. उनकी पहल पर करीब सात बजे एएनएम रंजू कूमारी उक्त केंद्र पर पहुंची. तब तक परिजन सोनिया को लेकर नगर गांव स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंच गये थे. यहां की एएनएम ज्योति लकड़ा ने बताया कि उक्त गर्भवती को परिजन करीब सात बजे सुबह लेकर आये थे. दोपहर मेें उसने एक लड़की को जन्म दिया. पूरे मामले में एएनएम रंजू कुमारी की लापरवाही दिखी है. प्रतिनिधि श्री दुबे ने कहा कि आरोग्य केंद्र में एएनएम नहीं रह रही. इसके कारण आम लोगों को परेशानी हो रही है. प्रभारी से इस दिशा में सार्थक पहल की मांग की. इस मामले पर एएनएम रंजू कुमारी ने कहा कि शुक्रवार को महिने का क्लोजिंग डे था. वह चंदवा सीएचसी आयी थी. लेट होने पर वहीं रह गयी थी. इसके बाद सुबह वह केंद्र पहुंच गयी थी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




