ढाबा में आग लगाने के आरोपी को पुलिस ने कराया पैदल मार्च
Published by : VIKASH NATH Updated At : 20 May 2026 7:56 PM
तिलैया थाना पुलिस ने एक ढाबा में आगजनी मामले के आरोपी रवि बिरहोर को बुधवार को गिरफ्तार किया़
झुमरी तिलैया. तिलैया थाना पुलिस ने एक ढाबा में आगजनी मामले के आरोपी रवि बिरहोर को बुधवार को गिरफ्तार किया़ आरोपी पर ऑमलेट नहीं मिलने से नाराज होकर एक गरीब विधवा महिला के ढाबे में आग लगाने का आरोप है़ गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेशी के लिए ले जाते समय शहर के झंडा चौक से पूर्णिमा टॉकीज तक पैदल मार्च कराया़ पुलिस के अनुसार आरोपी रवि बिरहोर को गिरफ्तार कर न्यायालय ले जाया जा रहा था़ इसी दौरान झंडा चौक स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास पुलिस वाहन अचानक खराब हो गयी़ वाहन खराब होने के कारण पुलिसकर्मियों को आरोपी को पैदल ही लेकर जाना पड़ा़ इस दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गयी और लोग पूरे घटनाक्रम को देखते रहे़ जानकारी के अनुसार तिलैया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर दो स्थित बिरहोर टोला में रविवार देर रात गरीब विधवा पिंकी देवी के झोपड़ीनुमा ढाबे में आग लगा दी गयी थी़ घटना में ढाबे में रखा खाद्य सामग्री, बर्तन समेत सारा सामान जलकर राख हो गया था़ घटना में वहां बंधी दो बकरियों की भी आग में झुलसकर मौत हो गयी थी़ पीड़िता ने आरोप लगाया था कि रविवार रात रवि बिरहोर उनके ढाबे पर पहुंचा था और ऑमलेट बनाने की जिद कर रहा था़ देर रात होने के कारण उन्होंने ऑमलेट बनाने से इंकार कर दिया, जिससे युवक नाराज होकर वहां से चला गया़ बाद में देर रात आगजनी की घटना सामने आयी. घटना के बाद तिलैया थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया़ बताया जाता है कि पिंकी देवी के पति मुकेश की पूर्व में मृत्यु हो चुकी है और वह अपने बच्चों व सास के साथ छोटे से ढाबे के सहारे परिवार का पालन-पोषण कर रही थीं. आगजनी की इस घटना से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है़ आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पैदल मार्च कराये जाने के दौरान थाना प्रभारी विनय कुमार व पुलिस बल मौजूद थाे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










