ePaper

छठ घाट पर सोने का चेन उड़ाते आठ महिलाएं गिरफ्तार

Updated at : 28 Oct 2025 7:43 PM (IST)
विज्ञापन
छठ घाट पर सोने का चेन उड़ाते आठ महिलाएं गिरफ्तार

लोक आस्था का महापर्व छठ के बीच सोमवार की शाम महतो आहर छठ घाट पर महिलाओं के गले से सोने की चेन उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ

विज्ञापन

झुमरीतिलैया. लोक आस्था का महापर्व छठ के बीच सोमवार की शाम महतो आहर छठ घाट पर महिलाओं के गले से सोने की चेन उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ. यहां एक महिला के गले से सोने का चेन छीन कर फरार हो रही आठ महिलाओं को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया. इन्हें तुरंत पुलिस को सौंप दिया गया. पकड़ी गई महिलाएं अलग भाषा बोल रही थीं. ऐसे में उनकी पहचान करना पुलिस के लिए शुरुआत में मुश्किल हुई. हालांकि, बाद में की गई पूछताछ के बाद पुलिस ने सभी की पहचान की और सदर अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद सभी को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. बताया जाता है कि उत्साह भरे माहौल में गुमो के महतो आहर स्थित छठ तालाब पर महिलाएं व पुरुष भगवान भास्कर को अर्घ देने में व्यस्त थे. इसी बीच चोर-चोर की शोर होने लगी. सब उस शोर की ओर दौड़ पड़े. घटना की जानकारी देते हुए ग्रामीण गुड्डू सिंह ने बताया कि महिलाओं द्वारा शोर की आवाज सुनकर जब वे लोग वहां पहुंचे तो पता चला कि अज्ञात महिला पूजा करने तालाब पर पहुंची एक महिला के गले से सोने का चेन लेकर फरार हो गयी है. इसके बाद लोग उक्त महिला चोर की खोज करने लगे. इसी दौरान किसी ने बताया कि कुछ अज्ञात महिलाएं एक ऑटो में सवार होकर झुमरीतिलैया शहर की ओर भागी हैं. इसके बाद गांव के कुछ युवक उस ओर निकल पड़े. कुछ दूर जाने पर उन्हें वह ऑटो और उसमें सवार सभी महिलाएं मिल गयीं. वहीं उनके पास से महतो आहर स्थित तालाब के पास से महिला के गले से चोरी किया हुआ सोने का चेन भी बरामद कर लिया गया. इसके साथ ही उनके पास से चेन काटने का एक औजार भी बरामद हुआ. ग्रामीणों ने चेन स्नैचर महिलाओं व ऑटो चालक को तिलैया पुलिस के हवाले कर दिया.

पकड़ी गई महिलाओं में ये हैं शामिल

गिरफ्तार महिला आरोपियों में मोना साव 35 वर्ष (पति रमेश साव), सरस्वती मुदिलियार 36 वर्ष (पति पेडमल मुदिलियार), गंगा मुदिलियार 40 वर्ष (पति स्व. अमन मुदिलियार) तीनों निवासी धनबाद रेलवे स्टेशन के नजदीक मस्जिद के पास धनबाद, अंजली माली 55 वर्ष (पति स्व. जनक माली निवासी सब्जी बाजार धनबाद), सामली दास 40 वर्ष (पति स्व. भोलय सेर), रूबी हलधर 45 वर्ष पति शंकर हलधर दोनों निवासी सब्जी मंडी पटना बिहार, शांति दास 42 वर्ष, पति अशोक दास निवासी बंडी थाना चिचुरा कोलकाता बंगाल व श्रेखा साव 55 वर्ष पति मुन्ना साव निवासी मझुआ टोली थाना कदम कुआं पटना बिहार शामिल हैं.

नकदी व लोहे का बना कटर बरामद

पुलिस के अनुसार पकड़ी गयी महिलाओं के पास से 21,670 रुपये, एक पीस लोहे का बना कटर, एक पीस चांदी रंग का बजरंग बली का लॉकेट, दो पीस सोने का रंग जैसा कानबाली बरामद किया गया है. छापामारी दल में थाना प्रभारी विनय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक देवेंद्र उरांव व अन्य शामिल थे. जारी विज्ञप्ति के अनुसार विशेष टीम ने सूचना पर छापामारी कर स्थानीय लोगों की सहायता से कुल आठ महिलाओं को पकडा. महिलाओं के पास से चोरी किए गए आभूषणों की बिकी से प्राप्त नगद रुपये बरामद किये गये तथा निशानदेही पर चेन कटिंग करने में प्रयुक्त करने वाले कटर एवं कुछ आभूषण बरामद किये गये. महिलाओं ने अपने अपराध स्वीकारोकित बयान में बतया कि वे सभी पूर्व में सब्जी बेचने व कपड़ा फेरी करने का काम करती थी. इसी दौरान एक दूसरे से जान पहचान हुई थी तथा कुछ दिनों बाद सभी भीड़-भाड़ वाले स्थानो में महिलाओं का आभूषण की चोरी करने लगी. महतो आहर के पास हुई घटना को लेकर पीड़ित महिला के पुत्र सूरज कुमार सिंह के आवेदन के आधार पर थाना कांड संख्या 343/25 दर्ज किया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
VIKASH NATH

लेखक के बारे में

By VIKASH NATH

VIKASH NATH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola