कृषि-बागवानी से आत्मनिर्भर बन रहीं महिलाएं, एफपीओ की आमसभा में बनी कार्ययोजना
तोरपा महिला कृषि बागवानी स्वावलंबी सहकारी समिति (एफपीओ) ने अपनी वार्षिक आमसभा में कृषि और बागवानी को बढ़ावा देने और आर्थिक स्वावलंबन का संकल्प लिया. एफपीओ ने चालू वर्ष में 2.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया है.
तोरपा. तोरपा महिला कृषि बागवानी स्वावलंबी सहकारी समिति (एफपीओ) की वार्षिक आमसभा शुक्रवार को किसान पाठशाला दियांकेल में हुई. इसमें महिलाओं ने कृषि एवं बागवानी गतिविधियों को बढ़ावा देने और आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनने का संकल्प लिया. आमसभा का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया, जिप सदस्य सुशांति कोनगाड़ी, उप प्रमुख संतोष कर, मुखिया शिशिर तोपनो, एफपीओ अध्यक्ष एतवारी देवी व कृषि वैज्ञानिकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
कृषि से लेकर विपणन तक महिलाओं को जोड़ने का प्रयास
एफपीओ अध्यक्ष एतवारी देवी ने समिति की गतिविधियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि एफपीओ के माध्यम से महिलाओं को कृषि, बागवानी, उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है.
आमसभा में एफपीओ का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया. बताया गया कि चालू वर्ष में एफपीओ ने करीब 2.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया है. आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई.
महिलाओं को हरसंभव सहयोग का भरोसा
जिप अध्यक्ष मसीह गुड़िया ने कहा कि महिलाएं एकजुट होकर काम करेंगी, तो आगे बढ़ेंगी. एफपीओ को हरसंभव सहयोग दिया जायेगा. जिप सदस्य सुशांति कोनगाड़ी ने कहा कि एफपीओ के माध्यम से महिलाएं सशक्त और स्वावलंबी बन रही हैं.
महिलाओं ने उत्पादन बढ़ाने, बाजार से बेहतर जुड़ाव बनाने और एफपीओ की गतिविधियों के विस्तार पर जोर दिया.
कृषि उत्पादों की लगायी प्रदर्शनी
मौके पर बीएयू के मुख्य वैज्ञानिक डॉ बीके अग्रवाल, इफको नयी दिल्ली के मूवमेंट एंड प्लानिंग हेड डॉ प्रदीप कुमार, इफको के स्टेट मार्केटिंग हेड डॉ एसबी समदर्शी, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ ओम प्रकाश खांटवा, डॉ मीर मुनीफ समेत अन्य मौजूद थे. एफपीओ से जुड़ी महिलाओं ने विभिन्न कृषि एवं बागवानी उत्पादों की प्रदर्शनी लगायी. अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया. प्रदान के अभिषेक, रवि रंजन और आदित्य भी मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए