खूंटी में यात्री बसों के लिए नया नियम, सड़क पर ठहराव किया तो होगी कार्रवाई; 4 संचालकों पर एक्शन
बस पड़ाव से निकलती बसें | Prabhat Khabar Network
खूंटी में अब यात्री बसें सिर्फ निर्धारित बस स्टैंड पर ही रुकेंगी. सड़क पर मनमाने ढंग से बसें रोकने वालों के खिलाफ नगर पंचायत ने विशेष अभियान चलाया है. उल्लंघन करने वाले 4 बस संचालकों पर तुरंत कार्रवाई की गई है.
खूंटी. शहरी क्षेत्र में सड़क जाम की समस्या दूर करने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सोमवार को नगर पंचायत की ओर से विशेष अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान शहर के भीतर अनियंत्रित रूप से रुकने वाली यात्री बसों को नामकुम स्थित नवनिर्मित बस पड़ाव में भेजकर निर्धारित स्थान पर ठहराव सुनिश्चित कराया गया.
सड़क पर बस रोकने वालों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान सड़क पर जहां-तहां बस रोककर यात्रियों को उतारने और चढ़ाने वाले बस संचालकों को निर्धारित बस पड़ाव में बसें खड़ी करने का निर्देश दिया गया. प्रशासनिक दिशा-निर्देशों की अवहेलना करने वाले चार बस संचालकों के विरुद्ध त्वरित दंडात्मक कार्रवाई की गयी.
नियमित चलेगा अभियान
नगर पंचायत ने स्पष्ट किया है कि शहर में यात्री बसों के निर्धारित स्थान पर ठहराव की व्यवस्था नियमित रूप से लागू रहेगी. इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. नियमों का पालन नहीं करने वाले बस संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.
नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सृष्टि दिप्रिया मिंज ने सभी बस मालिकों, चालकों और यात्रियों से शहर को जाम मुक्त, स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में नगर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है. उन्होंने यात्री बसों का ठहराव केवल निर्धारित नए बस स्टैंड में ही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए