खूंटी पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का किया खुलासा, 19 मोटरसाइकिल और बोलेरो पिकअप बरामद
foto | Prabhat Khabar Network
खूंटी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का खुलासा किया है. गिरोह के 8 सदस्यों की गिरफ्तारी के साथ 19 चोरी की मोटरसाइकिलें, एक पिकअप वैन और मास्टर चाबियां जब्त की गई हैं. इस गिरोह के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आई है.
खूंटी. चोरी की मोटरसाइकिलों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर खरीद-बिक्री करने वाले कथित अंतरराज्यीय गिरोह का खूंटी पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने गिरोह के आठ सदस्यों को पकड़ा है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है. पुलिस के अनुसार, उनके पास से चोरी की 19 मोटरसाइकिल, एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप वैन, दो मास्टर चाबी और आठ मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं.
एसपी ऋषभ गर्ग ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में कार्रवाई की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सायको थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी करने वाले संगठित गिरोह के कुछ सदस्य चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनकी खरीद-बिक्री के लिए जुटे हैं. इसके बाद एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गयी.
सायको और अड़की में हुई छापामारी
पुलिस टीम ने सायको और अड़की थाना क्षेत्र में छापामारी की. इस दौरान आठ लोगों को पकड़ा गया. पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान उनके पास से 19 मोटरसाइकिल, एक चोरी की महिंद्रा बोलेरो पिकअप वैन, दो मास्टर चाबी और आठ मोबाइल फोन बरामद हुए.
पुलिस के अनुसार यह गिरोह पिछले करीब एक वर्ष से क्षेत्र में सक्रिय था. मामले में आगे की जांच की जा रही है.
पकड़े गये लोगों में सात वयस्क और एक नाबालिग
पुलिस के अनुसार पकड़े गये लोगों में अड़की के बदानी निवासी गुरुदयाल मुंडा उर्फ पनसउ मुंडा, सरायकेला-खरसावां के चिरूबेड़ा निवासी इसरायल पूर्ति और मनमसीह पूर्ति उर्फ डेरो, अड़की के रेड़दा निवासी मसीह मुंडा, सरायकेला-खरसावां के तारंबा निवासी मोहन लोहार, डोडोरदा निवासी एतवा मुंडा और समराय होरो तथा अड़की के बदानी निवासी जयराम मुंडा उर्फ जावरा शामिल हैं. इनमें एक नाबालिग भी है.
कार्रवाई में एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, सायको थाना प्रभारी प्रभात रंजन पांडेय, अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी, मारंगहादा थाना प्रभारी जुगेश सिंह, कुचाई थाना प्रभारी रविंद्र मुंडा, पुअनि मुकेश कुमार यादव, मंटु कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए