कर्रा में स्वास्थ्य विभाग का मेगा कैंप, टीबी-नेत्र जांच से लेकर मुफ्त दवा और आयुष्मान कार्ड तक की सुविधा
कर्रा के गोविंदपुर पीएचसी में स्वास्थ्य आपके द्वार शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें ग्रामीणों की जांच कर उन्हें मुफ्त दवाएं और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
कर्रा. कर्रा प्रखंड के गोविंदपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य आपके द्वार कार्यक्रम सह नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ ललित रंजन पाठक ने दीप प्रज्वलित कर किया.
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य सुदूरवर्ती क्षेत्रों के लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है. स्वच्छता, संतुलित आहार और बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेने से गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सकता है. उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की.
शिविर में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया. जरूरतमंद मरीजों के बीच दवाओं का नि:शुल्क वितरण भी किया गया. शिविर में सामान्य रोग, महिला एवं प्रसूति स्वास्थ्य, बच्चों की जांच, नेत्र जांच, टीबी जांच, रक्त जांच, दंत चिकित्सा और टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध करायी गयी. इसके अलावा आभा और आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी दी गयी. शिविर के दौरान रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ.
निजी संस्थाओं ने भी दी सेवाएं
शिविर में निजी संस्थाओं के चिकित्सकों ने भी सहयोग किया. केएस गंगा अस्पताल के डॉ अंजीव नयन, देवनिका हॉस्पिटल की डॉ सत्याक्षी और हंस फाउंडेशन की डॉ निधि श्रवण ने मरीजों की जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया.
मौके पर डीआरसीएचओ शोभा किस्पोटा, डीपीएम कानन बाला तिर्की, डॉ पीसी झा, डॉ अनिता कुमारी, डॉ विजय प्रसाद समेत अन्य चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए