जमीन विवाद में बड़े भाई की मौत, दो छोटे भाइयों समेत परिजनों पर हत्या का आरोप, बथान बनाने को लेकर हुआ विवाद
भागलपुर के तेलघी गांव में जमीन विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. बथान बनाने को लेकर हुए विवाद में 55 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Bhagalpur News: नवगछिया पुलिस जिले के खरीक थाना क्षेत्र के तेलघी गांव में मंगलवार दोपहर जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में 55 वर्षीय पंडित अतिनंदन चौधरी की मौत हो गयी. मृतक के पुत्र ने अपने दो चाचा समेत अन्य परिजनों पर मारपीट कर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
मारपीट में पंडित अतिनंदन चौधरी की पत्नी नूतन देवी और पुत्र गोविंद कुमार के भी घायल होने की सूचना है. दोनों का इलाज स्थानीय स्तर पर कराया जा रहा है. वहीं गंभीर रूप से घायल पंडित अतिनंदन चौधरी को परिजन आनन-फानन में जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, भागलपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
गायों के लिए बथान बनाने के दौरान शुरू हुआ विवाद
मृतक के पुत्र गौतम कुमार चौधरी के अनुसार, उनके पिता पांच भाई थे. इनमें से एक भाई की पहले ही मौत हो चुकी है. सभी भाइयों के बीच जमीन का बंटवारा हो चुका था. जमीन के बंटवारे को लेकर करीब दो माह पहले पंचायती भी हुई थी, जिसमें सभी पक्षों की सहमति बनी थी.
गौतम के अनुसार, पिछले दिनों निर्माण कार्य को लेकर भी विवाद हुआ था. उस समय सभी हिस्सेदार थाना पहुंचे थे. वहां उन्हें विवाद नहीं करने की सलाह दी गयी थी. थाना स्तर से कहा गया था कि यदि काम रोकना है तो सभी भाई काम रोकें और यदि निर्माण कार्य करना है तो आपसी सहमति से करें.
परिजनों के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब दो बजे पंडित अतिनंदन चौधरी अपने हिस्से में गायों को रखने के लिए बथान का निर्माण करा रहे थे. इसी दौरान पड़ोस के लोग एकजुट होकर वहां पहुंचे और निर्माण कार्य का विरोध करने लगे. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया.
लाठी-डंडे और ईंट से हमला करने का आरोप
गौतम कुमार चौधरी का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनकी मां नूतन देवी और भाई गोविंद कुमार पिता को बचाने के लिए पहुंचे, तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की.
परिजनों के अनुसार, इसी दौरान लाठी-डंडे और ईंट से पंडित अतिनंदन चौधरी की कनपटी पर प्रहार किया गया. गंभीर चोट लगने के बाद वह जमीन पर गिर गये. आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद मारपीट में शामिल लोग वहां से चले गये.
इसके बाद परिजन गंभीर रूप से घायल पंडित अतिनंदन चौधरी को इलाज के लिए भागलपुर लेकर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
दो चाचा समेत अन्य पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक के पुत्र गौतम कुमार ने अपने चाचा विधान चौधरी, भगवान चौधरी, चचेरे भाई आलोक राज समेत अन्य लोगों पर मारपीट कर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है.
घटना की सूचना मिलते ही खरीक पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जानकारी जुटानी शुरू की. पुलिस ने परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ की है. वहीं प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.
डीएम के निर्देश पर देर रात कराया गया पोस्टमार्टम
पंडित अतिनंदन चौधरी की मौत के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. देर रात भागलपुर के जिलाधिकारी के निर्देश पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
इधर, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में परिवार के एक सदस्य की मौत के बाद गांव में भी शोक का माहौल है.
Bhagalpur News: पुलिस कर रही मामले की जांच
नवगछिया के एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि मारपीट के बाद एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना मिली है. खरीक पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है. मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस अब घटना के कारण, मारपीट में शामिल लोगों और आरोपों की जांच कर रही है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी.
Also Read: 'जो दलितों से टकराएगा...’ नारों के बीच पटना में प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी
Also Read: पटना में NIA की रेड के दौरान स्कूटी से मिले 20 लाख कैश, पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए