शुरू होने से पहले ही 'दीदी की रसोई' में चोरों की एंट्री! कटोरिया में सनसनी
कटोरिया में 'दीदी की रसोई' के संचालन से पहले ही स्टोर रूम में चोरों ने सेंध लगाने की कोशिश की। खिड़की का शीशा तोड़कर घुसे चोरों ने सामान बिखेर दिया। पुलिस ने मौके का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है।
कटोरिया (बांका). कटोरिया प्रखंड मुख्यालय परिसर में ‘दीदी की रसोई’ का संचालन शुरू होने से पहले ही स्टोर रूम में चोरी के प्रयास से सनसनी फैल गयी. अज्ञात चोरों ने पिछवाड़े की खिड़की का शीशा खिसकाकर स्टोर रूम में प्रवेश किया और वहां रखे सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया. हालांकि स्टोर रूम से कितने सामान की चोरी हुई है, इसका स्पष्ट आकलन अभी नहीं हो सका है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
खिड़की का शीशा खिसकाकर स्टोर रूम में घुसे चोर
स्टोर रूम में ‘दीदी की रसोई’ के संचालन से संबंधित विभिन्न सामग्री रखी गयी थी. अज्ञात चोर पिछवाड़े की खिड़की का शीशा खिसकाकर अंदर दाखिल हुए. घटना के बाद स्टोर रूम में सामान बिखरा हुआ मिला.
मंगलवार को स्टोर रूम का ताला खोलकर देखरेख करने पर कर्मियों को अंदर सामान अस्त-व्यस्त मिला. खिड़की भी हल्की खुली हुई थी. खिड़की के बाहर रजिस्टर, कार्यालय आदेश, अन्य दस्तावेज, कुरकुरे, लस्सी समेत कई सामान बिखरे मिले. इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गयी.
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
घटना की जानकारी मिलने के बाद कटोरिया थानाध्यक्ष श्रीकांत भारती प्रखंड मुख्यालय स्थित कैंटीन पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. उन्होंने वहां मौजूद कर्मियों से घटना के संबंध में जानकारी ली.
पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. पुलिस का प्रयास है कि कैमरों में कैद संदिग्धों की पहचान कर घटना में शामिल लोगों तक पहुंचा जा सके.
सीएलएफ अध्यक्ष ने थाने में दर्ज करायी रिपोर्ट
मामले को लेकर नारी शक्ति जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, कटोरिया की अध्यक्ष मीना देवी ने कटोरिया थाना में लिखित रिपोर्ट दर्ज करायी है. आवेदन में बताया गया है कि प्रखंड कार्यालय परिसर में ‘दीदी की रसोई’ शुरू करने की तैयारी चल रही है. रिपोर्ट के अनुसार स्टोर रूम में गत 29 अगस्त को विभिन्न सामग्री रखी गयी थी. मंगलवार को स्टोर रूम खोलने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला और खिड़की खुली हुई पायी गयी.
प्रखंड के अधिकारियों ने भी लिया घटना का जायजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद बीडीओ देवाशीष कुमार, सीओ दिव्य प्रकाश, जीविका बीपीएम देवेंद्र मिश्रा एवं श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रिचा कुमारी भी कैंटीन पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल की जानकारी ली और मामले को लेकर संबंधित कर्मियों से पूछताछ की.
दो सप्ताह पहले गर्ल्स हाईस्कूल में भी हुई थी चोरी
इधर कटोरिया प्रखंड मुख्यालय से सटे इंटरस्तरीय प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय में भी करीब दो सप्ताह पहले चोरी की घटना सामने आयी थी. गत 25 अगस्त को विद्यालय पहुंचने पर शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बरामदे में लगा साउंड बॉक्स गायब पाया था. इसके अलावा आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष की आलमारी टूटी हुई मिली थी. विद्यालय से एग्रीकल्चर एंड टूरिज्म के टूल्स समेत अन्य सामग्रियों के गायब होने की जानकारी भी सामने आयी थी.
दोनों घटनाओं की अलग-अलग बिंदुओं पर पड़ताल
दीदी की रसोई के स्टोर रूम में चोरी के प्रयास के बाद मंगलवार को कटोरिया थाना की पुलिस टीम ने गर्ल्स हाईस्कूल पहुंचकर पूर्व में हुई चोरी की घटना की भी जांच शुरू की. पुलिस दोनों मामलों को लेकर अलग-अलग बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों और सीसीटीवी फुटेज की जानकारी जुटायी जा रही है. लगातार सामने आयी इन घटनाओं के बाद पुलिस के सामने संदिग्धों की पहचान कर दोनों मामलों का खुलासा करना चुनौती बना हुआ है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए