JSSC भर्ती घोटाला: 2022 में CID के पास थी अरुण की पूरी कुंडली, 4 साल बाद हुई गिरफ्तारी

Updated:
विज्ञापन

2022 में ही सामने आ गई थी अरुण की भूमिका (AI जनरेटेड इमेज)

JSSC भर्ती घोटाले में अरुण कुमार की गिरफ्तारी के बाद 2022 की CID जांच फिर सवालों के घेरे में है. जांच में पहले ही अरुण की भूमिका, पेपर लीक की साजिश और अभ्यर्थियों से वसूली के नेटवर्क का खुलासा हो चुका था. आखिर चार साल बाद हुई गिरफ्तारी से क्या-क्या सामने आया?

विज्ञापन

पंकज त्रिपाठी की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

रांचीः जेएसएससी की डिप्लोमा स्तरीय भर्ती परीक्षा में अरुण कुमार की हाल में हुई गिरफ्तारी ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. सीआईडी के पास वर्ष 2022 में हुई जांच की रिपोर्ट मौजूद है. उक्त रिपोर्ट बताती है कि अरुण कुमार की भूमिका की पूरी जानकारी एजेंसी के पास तभी आ गई थी, जब इसी मामले में एक अन्य आरोपी अभिषेक की पटना से गिरफ्तारी हुई थी. इसके बाद भी अरुण चार साल तक सीआईडी की गिरफ्त से दूर रहा. अब उसे गिरफ्तार किया गया है, तो उसने लगभग वही बातें कही हैं, जो पहले जांच में आ चुकी थीं. उसने माना है कि जेएसएससी में काफी कम दर पर उसने टेंडर ले लिया था, इसलिए पैसों की वसूली के लिए गलत तरीके से अभ्यर्थियों का चयन कराया.

टेंडर के बाद पेपर लीक कर वसूली की साजिश

जांच से जुड़े दस्तावेजों के अनुसार, अरुण कुमार मेसर्स आइसीएन इंडिया प्रालि व बिंसिस नामक कंपनियों से जुड़ा था. आरोप है कि इन कंपनियों को झारखंड की डिप्लोमा स्तरीय भर्ती परीक्षा से जुड़े कार्यों का ठेका मिला था. जांच में सामने आया कि टेंडर प्रक्रिया में भारी खर्च होने के बाद पैसा वसूलने के लिए प्रश्नपत्र लीक कर परीक्षार्थियों से मोटी रकम वसूलने की साजिश रची गई थी. इसी कड़ी में जेएसएससी की संबंधित परीक्षा को बाद में स्थगित करना पड़ा था. अब हो रही जांच में पुरानी पड़ताल की समीक्षा में कई जानकारियां सामने आई हैं.

ये भी पढ़ें- झारखंड में ट्रांसमिशन नेटवर्क को और मजबूत करेगा JUSNL, खरीदेगा 4.25 करोड़ के बिजली उपकरण

अभिषेक की गिरफ्तारी से खुला था पूरा नेटवर्क

इसके अनुसार 22 सितंबर 2022 को पटना हाइकोर्ट के तत्कालीन सेक्शन अफसर अभिषेक कुमार को रांची पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार किया था. पूछताछ में अभिषेक ने बताया था कि वर्ष 2019 में पटना हाइकोर्ट में कार्य के दौरान उसकी पहचान अरुण कुमार से हुई थी. अरुण कुमार पर बिहार एसएससी (सीएसबीसी) में गबन करने का आरोप था. उसी मामले में दोनों की नजदीकियां बढ़ी थीं. अभिषेक ने बताया था कि 2022 में अरुण कुमार ने उससे संपर्क कर झारखंड की डिप्लोमा स्तर भर्ती परीक्षा का टेंडर मिलने और प्रश्नपत्र लीक कर वसूली योजना की जानकारी दी थी. इसके बाद पैसों की लालच में वह भी इस साजिश में शामिल हो गया और उसने अपनी टीम भी खड़ी कर ली थी. पुलिस ने बताया कि आरोपियों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) जांच में भी यह पुष्टि हुई थी कि दो जुलाई 2022 को गिरोह के सदस्य पटना के पुनपुन-परसाबाजार क्षेत्र में सक्रिय थे और अगले दिन सभी रांची पहुंचे थे. सीडीआर के जरिए पूरे नेटवर्क की गतिविधियों का ब्योरा जांच एजेंसी के पास पहले से मौजूद था.

ऐसे परीक्षा में की थी गड़बड़ी

तब आरोपी अभिषेक ने बताया था कि करीब सौ परीक्षार्थियों को परीक्षा से एक दिन पहले पटना बुलाया गया था. उनसे मोबाइल फोन व मूल प्रमाणपत्र ले लिये गये. परीक्षार्थियों को पुनपुन क्षेत्र के एक हॉल और पटना शहर में एक मकान में रखकर करीब 80 फीसदी प्रश्नों के उत्तर रटवाये गये. इसके बाद उन्हें गाड़ियों से रांची व बोकारो के परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया था.

ये भी पढ़ें- त्योहारों से पहले महंगी हुई मिठास, महीने भर में चीनी 14 रुपये और गुड़ 15 रुपये चढ़े



विज्ञापन
अर्चना कुजूर

लेखक के बारे में

By अर्चना कुजूर

अर्चना कुजूर एक डिजिटल पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं, जो वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कार्यरत हैं. वह झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न जिलों के साथ-साथ राज्य की प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक और जनसरोकार से जुड़ी खबरों को कवर करती हैं. अर्चना ने वर्ष 2016 में क्राफ्ट फिल्म स्कूल, रोहिणी (नई दिल्ली) से टीवी जर्नलिज्म एंड न्यूज रीडिंग में एक वर्षीय डिप्लोमा किया. इसके बाद उन्होंने नोएडा स्थित नेशनल वॉयस न्यूज और इंडिया वॉयस न्यूज चैनल (इलेक्ट्रॉनिक मीडिया) में इंटर्नशिप करने के साथ-साथ व्यावहारिक पत्रकारिता का अनुभव हासिल किया.

झारखंड लौटने के बाद उन्होंने कशिश न्यूज चैनल में लगभग डेढ़ वर्ष तक आउटपुट विभाग में कॉपी राइटर के रूप में कार्य किया. इसके बाद रांची एक्सप्रेस में एजुकेशन बीट पर रिपोर्टिंग की और प्रिंट पत्रकारिता का अनुभव हासिल किया. वर्ष 2022 से उन्होंने न्यूज11 भारत और नक्षत्र न्यूज चैनल में लगभग दो-दो वर्षों तक डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए राज्य की राजनीति, शिक्षा, रोजगार, प्रशासन, योजनाओं और समसामयिक विषयों पर हजारों समाचार और विशेष लेख लिखें.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola